एटा में किसानों को नहीं आएगी दिक्कत, कृभको और बीज विकास निगम सब्सिडी पर देंगे गेहूं सीड
एटा में रबी सीजन के लिए किसानों को गेहूं बीज की कमी नहीं होगी, क्योंकि कृभको और बीज विकास निगम ...और पढ़ें

कृभको के गोदाम पर बीज वितरण संबंधी निर्देश देते अधिकारी।
जागरण संवाददाता, एटा। रबी सीजन में गेहूं की बोआई को लेकर सरकार ने किसानों को असानी से बीज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिला में गेहूं प्रमुख फसल होने के कारण इसकी मांग अधिक रहती है। किसानों को समय से और सहजता से बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग के साथ विभिन्न संस्थाओं को भी वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके तहत कृभको 800 और बीज विकास निगम 100 कुंतल गेहूं बीज का वितरण करेगा। जिला में सहकारिता विभाग को 2050 कुंतल और राष्ट्रीय बीज निगम को 250 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य दिया गया है। इन संस्थाओं के माध्यम से किसानों तक गेहूं का प्रमाणित बीज पहुंचाया जाएगा, जिससे उन्हें बोआई के समय बीज की कमी का सामना न करना पड़े।
कृषि विभाग की ओर से सात हजार कुंतल बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। किसानों को बीज खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और वह कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण बीज खरीद सकेंगे। अनुदान का उद्देश्य किसानों को उन्नत किस्मों के बीज की बोआई के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे उत्पादन और उत्पादकता में बढ़ोतरी हो सके।
जिला कृषि अधिकारी डा. मनवीर सिंह ने बताया कि रबी सीजन में गेहूं की बोआई का समय होता है। कृभको एटा व जलेसर में दो केंद्रों पर 800 कुंतल व अन्य संस्थाएं अपने-अपने केंद्रों पर गेहूं वितरण कर रही हैं। सभी वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है।
संबंधित संस्थाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को सलाह दी जा रही है कि इन संस्थाओं से भी प्रमाणित बीज अनुदान पर खरीदें, ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन बेहतर हो सके।