मां-नानी का कत्ल देख कांप उठी बच्चों की रूह, खुद को कमरे में बंदकर बचाया फिर रो-रोकर बयां की बाप की बेरहमी
एटा के अवागढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी, जिसे ...और पढ़ें

एटा: अवागढ़ थाने में मौजूद मृतका प्रियंका के बच्चे। जागरण
HighLights
एटा के अवागढ़ में पति ने पत्नी-सास की हत्या की।
बच्चों ने देखा खौफनाक मंजर, खुद को कमरे में बंद किया।
छोटे बेटे ने पुलिस को सूचना दी, आरोपी पति-पिता फरार।
जागरण संवाददाता, एटा। अपने बाप को मां और नानी का कत्ल करते देख बच्चों की रूह कांप उठी। चीखते-चिल्लाते तो खुद भी मारे जाते। घर में मौजूद तीन बच्चों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। जब पत्नी और सास के सिर पर वार किए जा रहे थे, तब बच्चों ने देख लिया था। उन्हें धमकी दी गई कि जरा भी बोले तो तुम्हें मार देंगे। घटना के बारे में बताते हुए बच्चे सिहर उठते हैं।
सोमवार रात 12 बजे अवागढ़ कस्बा के मुहल्ला यादव नगर निवासी रुकुमपाल यादव ने पत्नी प्रियंका और सास कमला देवी की सिर पर हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। आठ बजे के आसपास प्रियंका ने बच्चों और अपनी मां के साथ खाना खाया था। उस समय रुकुमपाल भी मौजूद था।
रुकुमपाल का पिता सियाराम भी गांव ठाठी गदनपुर थाना एका जिला फिरोजाबाद से आया हुआ था। खाना खाकर रुकमपाल और उसका पिता सियाराम छत पर सोने के लिए चले गए। तीन बच्चे कल्पना, राहुल और सपना कमरे में सो रहे थे, जबकि रुकुमपाल की पत्नी प्रियंका और उसकी मां बरामदे में सो रहीं थीं।
बच्चों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया
बताया गया है कि रुकुमपाल जब छत से नीचे आया तो किसी को भी पता नहीं चला। उसने पहले हथौड़े से अपनी पत्नी के सिर पर वार किए। उसकी चीखें सुनकर बच्चे बाहर आए तो उन्हें धमकी दे दी कि चीखे-चिल्लाए तो उन्हें भी मार देंगे। डर के कारण बच्चों ने अपने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
प्रियंका की बेटी कल्पना ने बताया कि 10 मिनट के अंदर सब कुछ खत्म हो गया। कल्पना का यह भी कहना है कि उसके बाबा ने भी पिता का साथ दिया। एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, लेकिन वह कब घर में घुस आया, यह पता नहीं चला। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि आरोपितों की तलाश कर रहे हैं। बच्चों के बयान भी दर्ज किए गए हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अंकल घर चलो, मम्मी और नानी को मार दिया
प्रियंका का सबसे छोटा बेटा राहुल घटना के दौरान मौका लगते ही चुपचाप गेट की कुंडी खोलकर निकल आया और भागता हुआ घर के नजदीक ही स्थित चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों के पास पहुंचा। बेहद डरे हुए बच्चे ने रोते हुए पुलिस कर्मियों से कहा कि अंकल जल्दी घर चलो, पापा ने मम्मी और नानी को मार दिया है। बच्चे की बात सुन पुलिस कर्मी दंग रह गए और अधिकारियों को सूचित किया, मगर पुलिस के पहुंचने तक आरोपित वारदात को अंजाम देकर निकल चुके थे।
कई संदिग्ध उठाए
पुलिस ने कई संदिग्धों को उठा लिया है। उनसे अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। इन संदिग्धों में हत्यारोपित रुकुमपाल का भाई भी शामिल है। रुकुमपाल के छह भाई हैं, इनमें से दो एटा में रहते हैं और शेष गांव में। पुलिस मृतका प्रियंका का मोबाइल फोन भी ट्रेस कर रही है। कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। यह देखा जा रहा है कि प्रापर्टी डीलर से कितनी बात होती थी। एटा के प्रापर्टी डीलर के घर में आने-जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। इसी वजह से रुकुमपाल ने हत्या की। उसे अवैध संबंधों का शक था।
आरोपित का मोबाइल बंद
हत्यारोपित रुकुमपाल सिंह यादव का मोबाइल बंद जा रहा है इसलिए उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही, लेकिन पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है। चार टीमें भी लगाईं गईं हैं। रुकुमपाल का पिता सियाराम भी भागा हुआ है।
