विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में सिंचाई के लिए किसानों को मिलेगा भरपूर पानी, नहरों की हुई तली झाड़ सफाई

By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 20 Nov 2026 07:52 PM (IST)

एटा में रबी की फसलों की सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 353.100 किलोमीटर नहरों की सफाई पूरी हो चुकी है, जिससे किसानों को पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है।

एटा में नहर की सफाई कराते सिंचाई विभाग के अधिकारी।

एटा में नहर की सफाई कराते सिंचाई विभाग के अधिकारी।

जागरण संवाददाता, एटा। रबी की फसलों की सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से नहरों की सिल्ट सफाई कराई जा रही है। जिले में अब तक 353.100 किलोमीटर लंबाई तक नहरों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष हिस्से में सफाई का काम जारी है। कार्य पूरा होने के बाद नहरों में पानी का प्रवाह सुचारू होगा और किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।

जिले में सिंचाई विभाग के सात खंडों के अधीन कुल 78 नहरें हैं। इनकी कुल लंबाई 520.870 किलोमीटर है। लंबे समय से नहरों में सिल्ट और झाड़ियां जमा होने के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित होता है। कई स्थानों पर नहरों की तलहटी में मिट्टी जमा होने से टेल तक पानी पहुंचने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए विभाग की ओर से रबी की फसल के सीजन को ध्यान में रखकर सिल्ट सफाई का कार्य कराया जा रहा है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 353.100 किलोमीटर नहरों की सफाई पूरी हो चुकी है। इस तरह करीब 68 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष 167.770 किलोमीटर हिस्से में सिल्ट सफाई कराई जानी है। संबंधित खंडों के अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग तुषारकांति राजन ने बताया कि नहरों की सफाई होने से पानी का बहाव बेहतर होगा। इसका सीधा लाभ गेहूं, आलू, सरसों और अन्य रबी की फसल करने वाले किसानों को मिलेगा। खासकर नहरों के अंतिम छोर पर स्थित खेतों तक पानी पहुंचने में आसानी होगी। अभी कई किसान सिंचाई के लिए नहरों पर निर्भर हैं। ऐसे में सफाई कार्य पूरा होने से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।