एटा की हवा में फैला जहर, AQI 340 के पार पहुंचा; सांस से जुड़ी बीमारियों में मरीजों की बढ़ी परेशानी
एटा जिले में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 343 दर्ज किया गया, जिससे हवा जहरीली हो गई और सांस लेना मुश्किल हो गया।

पीएम 2.5 और पीएम 10 का उच्च स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर रहा है।
HighLights
एटा में वायु गुणवत्ता सूचकांक 343 दर्ज, हवा जहरीली।
पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर सेहत के लिए हानिकारक।
बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।
जागरण संवाददाता, एटा। जिले में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 343 दर्ज किया गया। इसके चलते हवा जहरीली हो गई। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता बेहद खतरनाक मानी जाती है। वातावरण में धुंध और धुएं की परत छाई रहने से लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जिला में हवा में पीएम 2.5 का स्तर 246 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और पीएम 10 का स्तर 293 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। दोनों ही प्रदूषक कणों की मात्रा अधिक होने से हवा सेहत के लिए नुकसानदायक बनी हुई है। मौसम में अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ धुएं जैसी धुंध छाई रही। हवा की गति नौ किलोमीटर प्रति घंटा और आर्द्रता 54 प्रतिशत दर्ज की गई।
प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ेगा। पीएम 2.5 के सूक्ष्म कण सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इससे खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदूषण का स्तर अधिक रहने पर लोगों को सुबह और शाम के समय खुले में व्यायाम करने से बचना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचाना चाहिए। बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क इस्तेमाल करना भी लाभकारी हो सकता है। अस्थमा और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विज्ञानी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार को एक्यूआई 343 के साथ जिला की हवा की गुणवत्ता गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में मौसम में बचाव करना जरूरी है ताकि वातावरण में मौजूद सूक्ष्म कणों से बचा जा सके।
हवा में धूल, धुआं और दूसरे प्रदूषित कणों को समझें
पीएम 2.5 और पीएम 10 हवा में मौजूद बेहद छोटे प्रदूषित कणों को मापने का पैमाना हैं। पीएम 2.5 के कण इतने सूक्ष्म होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों में गहराई तक पहुंच जाते हैं, जबकि पीएम 10 में धूल और मिट्टी के बड़े कण भी शामिल होते हैं। इनकी मात्रा बढ़ने से हवा की गुणवत्ता खराब होती है और लोगों को सांस संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।