एटा: गांव में रहस्यमयी बीमारी से एक के बाद एक 16 की मौत, ग्रामीण बोले...जांच कराई जाए
एटा के गढ़ौली गांव में रहस्यमयी बीमारी से 16 लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में चिंता और भय का ...और पढ़ें

रसूलपुर गढ़ी में बैठक करते गांव के लोग।
जागरण संवाददाता, एटा। ब्लाक मारहरा क्षेत्र के गढ़ौली गांव में पिछले कुछ दिनों में 16 लोगों की मौत होने की सूचना को लेकर ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है। मामले को लेकर गुरुवार को शिव मंदिर वाली गली में सपा नेता लोधी राकेश राजपूत ने प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की गई।
इसमें बीमारी के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच कराने और ग्रामीणों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। कहा कि गांव में लगातार लोगों की मौत होने की सूचना गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीण बीमारी को लेकर भयभीत हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मौतों के पीछे वास्तविक कारण क्या है।
उन्होंने कहा कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की निगरानी बढ़ाई जाए और बीमार लोगों की जांच के साथ उन्हें समय से उपचार उपलब्ध कराया जाए। गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर भेजने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने, घर-घर मरीजों की जांच कराने और साफ-सफाई तथा दवा छिड़काव की व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बीमारी के कारणों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर ग्रामीणों को वास्तविक स्थिति की जानकारी दी जानी चाहिए।
