जवाहर तापीय परियोजना का काम समय से पूरा करें : डीएम
मलावन क्षेत्र में बन रही जवाहर तापीय परियोजना के निर्माण कार्यों का ज
एटा, जागरण संवाददाता : मलावन क्षेत्र में बन रही जवाहर तापीय परियोजना के निर्माण कार्यों का जायजा लेने डीएम बुधवार दोपहर वहां पहुंचे। स्थिति पता कर कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
यह निर्माणाधीन तापीय परियोजना 1320 मेगावाट की है। जिसका निर्माण 10566 करोड़ रुपये से दक्षिण कोरिया की दूसान कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। डीएम ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ कूलिग टावर, चिमनी आदि का भ्रमण कर जायजा लिया। वाटर स्टोरेज के लिए बनाए जा रहे तालाब को भी देखा। निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए। जो भी छोटी-मोटी समस्याएं आ रही हैं, उन्हें तत्काल दूर किया जाए। अगर कहीं प्रशासन के सहयोग की जरूरत है तो जानकारी दें, पूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर जवाहरपुर तापीय परियोजना की तरफ से चीफ इंजीनियर राजेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता आरएस कुशवाह और आरके सिंह, आरके दीक्षित, रामसकल सिंह, रविशंकर राजीव, एई सुमंत यादव, ओपी गौतम आदि अधिकारियों ने परियोजना के संबंध में डीएम को विस्तार से जानकारी दी। बताया कि परियोजना स्थल पर करीब 4000 कर्मचारी कार्यरत हैं। जिनके माध्यम से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए पूरी शक्ति के साथ काम कराया जा रहा है। इस दौरान एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, दूसान कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी आदि मौजूद रहे।