जांच टीम के सामने भिड़े राशन डीलर और कार्डधारक
दो महिलाओं सहित दोनों पक्ष के पांच लोग घायल पूर्ति निरीक्षक की गाड़ी पर भी फेंके पत्थर
अवागढ़(एटा), संसू। राशन वितरण में गड़बड़ी की जांच करने पहुंची टीम के सामने ही डीलर पक्ष और कार्डधारक भिड़ गए। लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में दोनों पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। पूर्ति निरीक्षक को अपनी सुरक्षा के लिए मौके से भागना पड़ा।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिकाथर के राशन डीलर संजय दुबे के विरुद्ध ग्रामीणों ने शिकायत की थी। उनका आरोप था कि डीलर राशन कम देता है और निर्धारित से अधिक रुपये वसूलता है। जांच करने के लिए गुरुवार को पूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर अन्य कर्मचारियों को लेकर गांव नगला धारू पहुंचे। जांच के दौरान कार्डधारकों ने डीलर के विरुद्ध शिकायतें करना शुरू कर दीं। इस पर डीलर और उसके पक्ष के लोग भड़क गए। दोनों ओर से कहासुनी के बाद नौबत मारपीट की आ गई। लाठी-डंडे निकल आए। इसके बाद पत्थरबाजी भी होने लगी। पूर्ति निरीक्षक की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए। स्थिति बिगड़ती देख पूर्ति निरीक्षक को वहां से भागना पड़ा। इस घटना में डीलर के पिता तिलक सिंह, चाचा राजेंद्र सिंह और भाई सुनील तथा कार्डधारकों में से विजय की पत्नी रेखा और रघुवीर की पत्नी रजनी घायल हुई हैं। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।