दीपावली पर डिपो की हुई 24 लाख की इनकम
दीपावली के त्योहार पर यात्रियों की अच्छी भीड़ रही। जिसको लेकर डि
एटा, जागरण संवाददाता,: दीपावली के त्योहार पर यात्रियों की अच्छी भीड़ रही। जिसको लेकर डिपो ने यात्रियों को इधर से उधर पहुंचाते हुए 24 लाख से अधिक की इनकम की है। इस कारण डिपो ने इनकम के मामले में अलीगढ़ के बाद रीजन में दूसरा स्थान हासिल किया है।
दीपावली के त्योहार पर डिपो में अधिक से अधिक यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तैयारियां की गई थीं। एक दिन में कर्मचारियों ने चौबीस घंटे तक ड्यूटी की है। दीपावली के त्योहार पर यात्रियों को परेशानी न हो सके, इसे लेकर अधिकारियों ने 162 बसों का अलग-अलग मार्गो पर संचालन कराया। अधिकारियों की देखरेख में हुआ बसों का संचालन सरकार के लिए काफी मददगार साबित हुआ है। डिपो ने दीपावली के त्योहार पर एक दिन में 24 लाख आठ हजार रुपये की इनकम की है, जो रीजन में अलीगढ़ के बाद दूसरे स्थान पर है। वहीं एआरएम राजेश यादव ने कहा कि बसों को हर रूट पर संचालित किया गया था। इस कारण डिपो को अच्छी इनकम प्राप्त हुई है।
पुलिस ने 16 जुआरी पकड़े : दीपावली पर पुलिस ने जुआ के अड्डों पर छापामार कार्रवाई की। नयागांव क्षेत्र में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से हजारों की नकदी बरामद की गई है।
पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम महमूदपुर पट्टी में सिपाहीराम के घेर में जुए का अड्डा चल रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने छापा मार दिया। पुलिस ने मौके से जुआ के अड्डे के संचालक सिपाहीराम, नगला बांस निवासी कुलदीप, ओमनरायन, सर्वेश कुमार, रणवीर सिंह, प्रेमपाल सिंह, धर्मेंद्र कुमार, ग्राम नगला बांस निवासी कुलदीप, जबर सिंह, नरेंद्र कुमार, नगला हरजू निवासी अशोक कुमार, हनुमंत लाल, ग्राम अकबरपुर लालसहाय निवासी समरपाल, विपिन कुमार, कृष्ण कुमार, शमशाद उर्फ टिल्लू तथा सियाराम को पकड़ लिया। पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 8350 रुपये की नकदी बरामद की है।