मानसिक दिव्यांग समेत दो की हादसों में मौत
एटा : बागवाला क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। वहीं अवागढ़ क्षेत्र
एटा : बागवाला क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। वहीं अवागढ़ क्षेत्र में मानसिक दिव्यांग को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। मृतक की शनिवार शाम तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मुहल्ला ¨हदू नगर निवासी 35 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र रामभरोसे अपने चाचा रनवीर सिह व बबलू के पास बागवाला गए हुए थे। शुक्रवार रात 10.30 बजे करतला चौराहे पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जब तक घायल को जिला अस्पताल भिजवाया जाता, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पहचान न होने पर मृतक के शव को पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया। शनिवार सुबह मृतक के भाई राकेश कुमार ने शव की पहचान की। एसओ बागवाला अखिलेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है।
दूसरी ओर अवागढ़ क्षेत्र में मोहनपुर के पास स्थित गैस गोदाम के सामने शुक्रवार रात अज्ञात वाहन ने 50 वर्षीय मानसिक दिव्यांग को रौंद दिया। मौके पर ही दिव्यांग की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति उसकी शिनाख्त नहीं कर सका। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मानसिक दिव्यांग यह अधेड़ पिछले काफी समय से इधर-उधर भीख मांगकर अपना पेट पाल रहा था। अवागढ़ के इंस्पेक्टर हरीराम वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को परिजनों के आने के इंतजार में 72 घंटे के लिए जिला अस्पताल स्थित मोरचरी में सुरक्षित रखा जाएगा। परिजनों के न आने पर उसका अंतिम संस्कार करा दिया जाएगा।