महादीपक की अंत्येष्टि में उमड़ी भीड़, दी श्रद्धांजलि
श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद भी पहुंचे राजकीय सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
एटा: पूर्व सांसद डा. महादीपक सिंह शाक्य के निधन के बाद उनका शव एटा से पैतृक गांव अगोनापुर ले जाया गया, जहां उनके पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए खासी तादात में भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री समेत राजनीतिक दलों के नेता एवं अन्य मौजूद रहे। पूरे राजकीय सम्मान के साथ पूर्व सांसद का अंतिम संस्कार किया गया।
गांव अगोनापुर में सुबह से ही खासी तादात में भीड़ जमा हुई। पूर्व सांसद की क्षेत्र में लोकप्रियता इतनी थी कि जिसने भी सुना वही गांव पहुंचा और पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। दोपहर के वक्त श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या व उनके साथ उनकी बेटी सांसद संघमित्रा मौर्या, फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत व भाजपा, सपा, बसपा समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी गांव पहुंचे और उन्होंने पूर्व सांसद को अपनी श्रद्धांजलि दी। महादीपक का पार्थिव शरीर भाजपा के झंडे में लपेटकर रखा गया था। वे छह बार सांसद रहे थे। राजनीतिज्ञों में उनकी गिनती वरिष्ठ नेताओं में होती थी।
श्रम एवं सेवायोजन मंत्री ने कहा कि पूर्व सांसद डा. महादीपक सिंह शाक्य राजनीति के धुरंधर थे, उन्होंने हमेशा सिद्धांतवादी राजनीति की, अपनी अच्छी छवि के लिए वे समाज के हर वर्ग में जाने जाते थे। उनके निधन से अपूर्णनीय क्षति हुई है। सभी नेताओं ने सांसद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाए और श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अलीगंज के विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, पालिकाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता, भाजपा नेता दिनेश चंद्र गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, रामकिशोर यादव, अर्जुन कश्यप, वीरेंद्र प्रताप, अलीगंज एसडीएम राजीव पांडेय, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार आदि मौजूद रहे।