ठंड के तेवर तल्ख, और लुढ़का पारा
ठंड के तेवर सोमवार को और तल्ख हो गए। सुबह आसमान में बादल छाए र
एटा, जागरण संवाददाता: ठंड के तेवर सोमवार को और तल्ख हो गए। सुबह आसमान में बादल छाए रहे। 10 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इसके बाद सूर्यदेव निकले, लेकिन बादलों से लुकाछिपी चलती रही। हालांकि, दोपहर को अच्छी धूप निकली, जिसने लोगों को राहत दी। लेकिन सुबह-शाम ठंड और गलन का प्रकोप बना रहा। न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार को यह 8 डिग्री सेल्सियस था।
सर्दी लगातार शिखर की ओर बढ़ रही है। हर नया दिन नई आफत लेकर आता है। सोमवार सुबह भी भीषण ठंड के साथ शुरू हुई। भले ही कोहरा हल्का था, लेकिन गलन मुसीबत पैदा कर रही थी। मॉर्निंग वॉक व अन्य कार्यों से सुबह निकलने वाले लोगों की संख्या कम ही थी। जो लोग निकले, गर्म कपड़ों में पूरी तरह ढके नजर आ रहे थे। यातायात भी हल्का ही था। आसमान में सुबह 10 बजे तक बादलों का असर रहा। लेकिन इसके बाद निकली धूप ने लोगों को काफी राहत महसूस कराई। खुले स्थान, छत और पार्कों में लोग धूप की गरमाहट लेते नजर आए। धूप से तापमान चढ़ा तो लोग भी अपने सामान्य कार्यों के लिए घरों से निकल पड़े। जिसके चलते बाजारों में खासी चहल-पहल नजर आई। शाम तक धूप खिली रही और मौसम में राहत रही। लेकिन शाम को सूर्य ढलने के बाद ठंड ने फिर तेवर दिखाना शुरू कर दिए। अंधेरा होने बाद तापमान तेजी से गिरता गया। जिसके चलते बाजार-प्रतिष्ठान जल्द ही बंद होते नजर आए। बाजारों-सड़कों में सन्नाटा पसरने लगा। राहत पाने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते नजर आए।
ऊन की जमकर हो रही खरीद
-------
ठंड में गर्म और ऊनी कपड़ों के साथ ही ऊन की भी जमकर खरीद हो रही है। अभी तक जहां ठंड के चलते स्कूलों की छुट्टियों चल रही हैं। तो कुछ दिन बाद क्रिसमस और शीतलकालीन अवकाश होने हैं। ऐसे में बच्चे स्कूल नहीं जा रहे और गृहणियों के पास खाली समय अधिक है। जिसका उपयोग वो बच्चों व खास लोगों के लिए स्वेटर आदि बनाने में कर रही हैं। सोमवार को शहर के बाबूगंज बाजार स्थित ऊन की दुकानों पर तमाम महिलाएं ऊन खरीदती नजर आईं।