आंधी-बारिश में टूटे तार, जिले में रातभर बिजली रही गुल
फाल्ट सही करने में लगा समय पेयजल के लिए भटके लोग राजा का रामपुर सरौठ जैथरा अलीगंज क्षेत्र में भी बिजली सप्लाई बाधित रही
जासं, एटा: गुरुवार रात में आई आंधी और बारिश के कारण जिले में बिजली सप्लाई बाधित रही। लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। सुबह को पेयजल के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक जाकर विद्युतकर्मियों ने फाल्ट और लाइन को ठीक किया। तब जाकर लोगों को राहत मिल सकी।
गुरुवार रात 11 बजे आंधी और बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। तेज हवा चलने और पानी पड़ने के कारण कई जगहों पर लाइन में फाल्ट हो गया। कुछ जगहों पर तार भी टूट गए। अंधेरे में शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रात गुजारी पड़ी। बूंदाबांदी और तेज हवा चलने के कारण रात को विद्युत कर्मचारी सप्लाई सुचारू नहीं करा सके। सुबह को लोगों को सप्लाई न मिलने के कारण उन्हें पेयजल की समस्या हुई। लोगों ने आसपास लगे हैंडपंपों का सहारा लेते हुए पानी जुटाया। वहीं सुबह को शहर में एसडीओ सुरेन्द्र कुमार, जेई राहुल कुमार अलग-अलग जगहों पर टीम के साथ निकले। तब जाकर शहर में बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। वहीं एसडीओ सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि नगर पालिका फीडर की 33 केवीए लाइन में खराबी, जीटी रोड पर दो केबिल और डीएम फीडर पर केबिल खराब हो गई थी। इस कारण शहर में बिजली सप्लाई बाधित रही। वहीं दूसरी तरफ राजा का रामपुर, सरौठ, जैथरा, अलीगंज क्षेत्र में भी बिजली सप्लाई बाधित रही। लोगों को परेशानियां हुई।