'जिन्होंने कल्याण के श्रद्धांजलि से दूरी बनाई उन्हें पिछड़ों की बात करने का हक नहीं', भाजपा प्रवक्ता अभिषेक दुबे का सपा पर हमला
भाजपा प्रवक्ता अभिषेक कृष्ण दुबे ने सपा पर परिवारवाद, तुष्टीकरण और कल्याण सिंह के अपमान को लेकर हमला बोला। उन्होंने ...और पढ़ें

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता का स्वागत करते पार्टी कार्यकर्ता।
HighLights
सपा पर परिवारवाद, तुष्टीकरण और कल्याण सिंह के अपमान का आरोप।
मुख्यमंत्री योगी की छवि खराब करने को AI के दुरुपयोग पर पलटवार।
भाजपा को 2027 में 300 से अधिक सीटें मिलने का विश्वास।
जागरण संवाददाता, एटा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक कृष्ण दुबे ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का आधार परिवारवाद और तुष्टीकरण है। जिन्होंने कल्याण सिंह के निधन पर उनसे दूरी बना ली वे किस मुंह से पिछड़ों की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि सपाई जब सत्ता में आते हैं तो विकास के पैसे से अपने घर मजबूत करते हैं जबकि भाजपा सबका साथ सबका विश्वास के तहत काम करती है।
अभिषेक कृष्ण दुबे ने भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से कहा कि सपा ने सत्ता में रहते हुए विकास के बजाय जातीय समीकरणों और अपने परिवार को मजबूत करने पर ध्यान दिया। भाजपा सरकार में सभी वर्गों के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं।
अभिषेक कृष्ण दुबे ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों ने उनके सम्मान और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों से दूरी बनाई, उन्हें पिछड़े समाज के हितों की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता का पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
एआइ से जुड़े विवाद पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा की ओर से एआइ तकनीक का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि खराब करने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री को सिगार पीते हुए दिखाने वाला वीडियो न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि संत परंपरा और मुख्यमंत्री पद की गरिमा का भी अपमान है।
प्रदेश प्रवक्ता ने चुनाव पर कही ये बात
प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में कहा कि योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था, रोजगार, निवेश, खेल और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। युवाओं को रोजगार, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को स्पष्ट बहुमत देगी और पार्टी 300 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- ऐतिहासिक जीत मिलेगी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता ने कहा कि एटा का प्रत्येक कार्यकर्ता आगामी 2027 के चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए पूरी एकजुटता के साथ मैदान में डटा हुआ है। विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत होगी। इस अवसर पर पार्टी के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे जिन्होंने प्रदेश प्रवक्ता का स्वागत किया।
