कोहरे में कैंटर से आटो की भिड़ंत, दो की मौत
शिकोहाबाद रोड पर हुआ हादसा एक घायल एक मृतक की नहीं हो सकी पहचान
जासं, एटा: रिजोर क्षेत्र में शिकोहाबाद रोड पर कोहरे में कैंटर से आटो की भिड़ंत हो गई। आटो चालक समेत दो की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
रविवार रात आठ बजे ग्राम बाकलपुर निवासी 42 वर्षीय वीरेंद्र सिंह शहर से आटो लेकर गांव लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ही जयप्रकाश व 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति भी था। आटो जैसे ही शिकोहाबाद रोड स्थित ग्राम निधौली खुर्द के समीप पहुंचा कि तभी सामने से आ रहा कैंटर कोहर में आटो से भिड़ गया। पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से आटो में फंसे चालक वीरेंद्र सिंह और उसमें सवार अज्ञात व्यक्ति को बाहर निकाला, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
जयप्रकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे आगरा रेफर कर दिया गया। सोमवार को मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इधर, हादसे के बाद आरोपित कैंटर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। एसओ रिजोर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतक आटो चालक के भाई अरविद कुमार की तहरीर पर कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।