डेंगू से एक और होमगार्ड जवान की मौत
एक और होमगार्ड जवान की जान डेंगू ने ले ली। पखवाड़े भर पहले उन्हें बुखार आया। जांच में डेंगू बताया गया। इसके बाद उनका इलाज एटा और आगरा के अस्पतालों में चला। शनिवार रात आगरा में उन्होंने दम तोड़ दिया।
एटा, जागरण संवाददाता : डेंगू ने एक और होमगार्ड जवान की जान ले ली। पखवाड़े भर पहले उन्हें बुखार आया। जांच में डेंगू बताया गया। इसके बाद उनका इलाज एटा और आगरा के अस्पतालों में चला। शनिवार रात आगरा में उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे पहले डीएम आवास पर तैनात एक अन्य होमगार्ड की डेंगू के कारण मौत हो चुकी है।
सकीट थाना क्षेत्र के गांव कवार के रहने वाले 52 वर्षीय हरी सिंह होमगार्ड जवान थे। उनकी ड्यूटी सकीट थाने में ही चल रही थी। 10 नवंबर को ड्यूटी के दौरान ही उन्हें बुखार आया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दवा ले ली। लेकिन बुखार कम नहीं हुआ। हरी सिंह के पुत्र दिनेश ने बताया कि इसके अगले दिन 11 नवंबर को उन्होंने जिला अस्पताल आकर चेकअप कराया तो जांच में एनएस-1 पॉजिटिव (शुरुआती डेंगू) बताया गया। जिस पर इलाज के लिए उन्हें यहां के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। चार दिन वहां इलाज के बावजूद सुधार नहीं आया तो स्वजन उन्हें आगरा के मौर्या हॉस्पीटल ले गए। तीन दिन इलाज चलने के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी। तो उन्हें कामायनी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया। जहां चार दिन इलाज चलने के बाद शनिवार रात उनकी सांसें थम गईं। पुलिस को सूचना देकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
इससे पहले डीएम आवास पर तैनात होमगार्ड जवान पन्नालाल (45) की मौत हो चुकी है। 22 अक्टूबर को उन्हें बुखार आया। जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान 30 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई थी। डेंगू को लेकर खौफ का माहौल
--------
डेंगू के लगातार मिल रहे मामले और हो रही मौतों को लेकर पूरे जिले में खौफ की स्थिति बनी हुई है। एक ओर जहां हजारों लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। तो डेढ़ दर्जन लोगों की मौत की वजह भी यह बीमारी बन चुकी है।