आफत: एंबुलेंस चालकों ने की हड़ताल
अपनी मांगों को लेकर 102 10
एटा, जागरण संवाददाता: अपनी मांगों को लेकर 102, 108 और एएलएस एंबुलेंस के चालक और ईएमटी सोमवार शाम को हड़ताल पर चले गए। जिला अस्पताल परिसर में गाड़ियां खड़ी कर धरने पर बैठे गए। हालांकि, आपात मामलों में सेवा दी जा रही है। लेकिन उनका कहना है कि जल्द ही आपात सेवा भी बंद कर दी जाएगी।
कर्मचारियों ने बताया कि एंबुलेंस संचालन के लिए सरकार से सेवा प्रदाता कंपनी जीवीके ईएमआरआइ कर्मचारियों का शोषण करने में जुटी है। कर्मचारियों के साथ अनियमित, अनियंत्रित व्यवहार किया जाता है। वेतन वृद्धि के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। अपने टारगेट पूरे करने के लिए फर्जी केस का दबाव बनाया जाता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में कई कर्मचारियों ने इस शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई तो कंपनी ने उन्हें ही मनमाने और अवैध तरीके से निकाल दिया। इन सब बातों के विरोध में पूरे प्रदेश में कर्मचारी हड़ताल और चक्का जाम कर रहे हैं। मांग करते हुए कहा कि प्राइवेट प्रोजेक्ट, कर्मचारियों का शोषण और फर्जी टारगेट का दबाव बंद होना चाहिए। समान कार्य समान वेतन के नियम से हमें भुगतान किया जाए। पूर्व में मनमाने तरीके से जो कर्मचारी निकाले गए हैं, उन्हें बहाल किया जाए।