कोरोना के संदेह में 50 लोगों को किया क्वारंटाइन
जागरण संवाददाता एटा कोरोना संक्रमण के संदेह में 50 लोगों को क्वारंटाइन सेंटर्स में भत
जागरण संवाददाता, एटा: कोरोना संक्रमण के संदेह में 50 लोगों को क्वारंटाइन सेंटर्स में भर्ती कराया गया है। जांच के लिए इन सभी के सैंपल लिए गए हैं। वहीं, छह लोगों की क्वारंटाइन सेंटर से छुट्टी कर घर भेजा गया है।
कोरोना को लेकर लोगों में काफी जागरूकता आई है। अपने आस पड़ोस और गली-मुहल्ले में बाहर से आने वाले लोगों की सूचनाएं तुरंत अफसरों तक पहुंच जाती हैं। उधर, बाहरी जिलों और प्रदेशों से चोरी-छिपे आने वालों का भी सिलसिला बना हुआ है। ऐसी ही सूचना के आधार पर आरबीएसके टीम के डॉ. रविद्र चौहान और डॉ. पंकज गांव गोला सृजनपुर पहुंचे। सात लोगों को जेएलएन कालेज क्वारंटाइन सेंटर लाकर भर्ती कराया। ये सभी लोग बाहरी प्रांतों से आए थे। इनके अलावा इसी सेंटर पर गुरुवार रात को नौ और शुक्रवार को आठ लोगों को भर्ती कराया गया। ये लोग अलग-अलग गांवों हैं। अधिकांश लोग बाहरी जिलों और प्रदेश से आए हैं। उधर, सेंट मैरीज स्कूल के क्वारंटाइन सेंटर में गुरुवार रात 17 और शुक्रवार को पांच लोग भर्ती किए गए। इनमें अधिकांश लोग बाहर के हैं, जिन्हें गांव में पहुंचने पर गांववासियों ने बिना जांच के घुसने नहीं दिया। इन 22 लोगों सहित इस सेंटर से कुल मिलाकर 39 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जिनमें 17 लोगों की दूसरी जांच कराई जा रही है। छह लोगों के क्वारंटाइन के 14 दिन पूरे होने पर उन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया।