38 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव, 17 को घर भेजा
जासं एटा क्वारंटाइन सेंटर्स में भर्ती 38 संदिग्ध मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है
जासं, एटा: क्वारंटाइन सेंटर्स में भर्ती 38 संदिग्ध मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिसके बाद 17 लोगों को उनके घर भेज दिया गया है। वहीं, 11 लोगों को भर्ती कर जांच के लिए उनके सैंपल अलीगढ़ भेजे गए हैं।
शहर में संदिग्ध रोगियों को भर्ती कर उनकी जांच कराने के लिए दो फैसिलिटी सेंटर बनाए गए हैं। जिनमें 200 से अधिक लोग भर्ती हैं। इनमें से 38 लोगों की जांच के लिए 8 मई को नमूने लेकर अलीगढ़ भेजे गए थे। रविवार रात मिली रिपोर्ट में सभी को कोरोना निगेटिव बताया गया है। इसके साथ ही इन लोगों सहित स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली है। 11 लोगों की क्वारंटाइन सेंटर से छुट्टी कर दी गई है। शेष को 14 दिन पूरे होने पर घर भेजा जाएगा। सेंट मैरी स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में अवागढ़ ब्लॉक के गांव गनेशपुर के तीन लोगों को भर्ती कराया गया। ये तीनों लोग दिल्ली से लौटकर आए थे। गांववालों ने स्वास्थ्य विभाग को इनकी सूचना दी थी। जेएलएन डिग्री कालेज के क्वारंटाइन सेंटर में अलग-अलग क्षेत्रों से आठ लोगों को भर्ती कराया गया है। इन सभी 11 लोगों की जांच के लिए नमूने लेकर अलीगढ़ भेजे गए हैं।