कब सुधरेगा रुदायन मार्ग का हाल
राजा का रामपुर: सरकार बदलने के बावजूद रुदायन मार्ग का हाल नहीं सुधर सका है। यहां गड्ढा मुक्ति सड़क
राजा का रामपुर: सरकार बदलने के बावजूद रुदायन मार्ग का हाल नहीं सुधर सका है। यहां गड्ढा मुक्ति सड़क अभियान भी बेअसर नजर आ रहा है। लोगों को इंतजार है कि आखिर इस मार्ग का हाल कब सुधरेगा।
कस्बा से रुदायन मार्ग संकरा होने के साथ ही लंबे समय से दुर्दशा का भी शिकार है। जगह-जगह से मार्ग टूट चुका है। कई जगह तो गड्ढों में तब्दील हो चुका है। प्रदेश में बदलकर आई सरकार ने जब सड़कों की दशा सुधारने के निर्देश दिए थे तो लोगों को उम्मीद जगी। मार्ग पर काम भी शुरू हुआ लेकिन बेहद ही घटिया तरह से गड्ढे भरकर बस लीपापोती कर दी गई। कुछ ही दिनों में गड्ढे फिर पुराने रूप में आ गए। राजा का रामपुर, रुदायन रेलवे स्टेशन, कंपिल, कायमगंज आने-जाने वालों को काफी परेशानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढे और छोटे-बड़े पत्थरों के चलते अक्सर वाहन पंक्चर होते हैं। वहीं उन पर स्लिप होकर गिरने से लोगों को भी हादसों का खतरा बना रहता है। गांव ताजपुर तिगरा के पास तो मार्ग का हाल बहुत ही खराब है। काफी बड़े-बड़े कई गड्ढे हो गए हैं। यहां सड़क के दोनों ओर मकान तो बने हैं, लेकिन नाली न होने से जल निकासी का जरिया नहीं है। पानी सड़क पर ही बहता है, जिससे सड़क और जल्दी खराब होती है। ग्राम पहरा से राजा का रामपुर होते हुए रुदायन रेलवे स्टेशन पहुंचाने वाला यह रोड ग्राम पहरा, पहरइया, कस्बा राजा का रामपुर, कनेसर, नगला माली, भैसराना, तिगरा आदि जगहों पर काफी सकरा हो गया है। जिससे यातायात संचालन में मुश्किल होती है। क्षेत्रीय लोगों की मांग है कि मार्ग को दुरुस्त कराए जाने के साथ ही चौड़ा भी कराया जाए। जिससे समस्याओं का निस्तारण हो सके।