विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में बोले सीएम योगी, 'एक परिवार के पांच सांसदों वाली पार्टी का भी जनता पार्टी जैसा हाल होगा'

Published: Sat, 29 Aug 2026 12:34 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में समाजवादी पार्टी पर परिवारवादी राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला, कहा कि एक ही ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

HighLights

  1. योगी ने सपा पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

  2. कहा, सपा का हश्र जनता पार्टी जैसा होने वाला है।

  3. अपनी सरकार के विकास और सुशासन के दावे किए।

जागरण संवाददाता, देवरिया। एक ही परिवार के पांच सांसद होने को लेकर समाजवादी पार्टी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि पार्टी इसलिए बची हुई है क्योंकि एक ही परिवार के पांच सांसद हैं। घबराइए मत, इनका हाल भी जनता पार्टी जैसा होने वाला है।

देवरिया में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सपा पर परिवार केंद्रित राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लेने के लिए नहीं, देने के लिए आयोजन कर रही है। अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन्होंने तंज कसा कि जब वह उद्घाटन करने जा रहे थे तो ‘बबुआ’ की नींद टूट गई और वह आनन-फानन में प्रेस कांफ्रेंस करने लगे।

मुख्यमंत्री ने सपा सरकार के कार्यकाल को भी निशाने पर लिया। जयप्रकाश नारायण सेंट्रल जेल का उदाहरण देते हुए कहा कि परियोजना की लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार में 817 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए और इसके बावजूद परियोजना पूरी नहीं हुई। इसे पूरा करने के लिए अब भी करीब 150 से 200 करोड़ रुपये और खर्च करने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह जनता की गाढ़ी कमाई है, किसी ‘सैफई सिंडिकेट’ की नहीं। सरकारी खजाने पर बोझ डालने के लिए निजी कंपनी बनाने की कोशिश को भी उन्होंने साजिश बताया।

योगी ने परिवारवाद के मुकाबले अपनी सरकार के कामकाज को राजनीतिक आधार बनाया। कहा कि गरीब को बिना भेदभाव राशन और सरकारी योजनाओं का लाभ मिले तथा नौजवान को रोजगार और नियुक्ति पत्र मिले, यही वास्तविक सुशासन है। सरकार की विभिन्न योजनाओं से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, डिजिटल एंटरप्रेन्योर और ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की तस्वीर और पहचान बदल चुकी है। अब उत्तर प्रदेश को कोई बीमारू राज्य नहीं कहता। प्रदेश में माफिया राज समाप्त हुआ है और दंगे-फसाद पर प्रभावी नियंत्रण है। इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का दावा करते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबों को आवास, शौचालय, रसोई गैस और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं आसानी से नहीं मिलती थीं। गरीबों के हिस्से का राशन तक बेच दिया जाता था और व्यवस्था माफिया के हवाले थी। अब सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराने का लक्ष्य लेकर चल रही है। तकनीक के माध्यम से शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ नौकरियों का खजाना खोलने का दावा उन्होंने किया।

यह भी पढ़ें- रेलवे ने 203 करोड़ की परियोजना पर खर्च किए 277 करोड़, फिर भी हथुआ-भटनी रेल लाइन का काम बंद

क्षेत्रीय राजनीति को साधते हुए मुख्यमंत्री ने भाटपाररानी के विधायक सभा कुंवर के प्रस्ताव पर क्षेत्र के सभी फ्लाईओवर निर्माण प्रस्तावों को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के परिश्रम और पुरुषार्थ से देवरिया विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मीडिया की भूमिका पर भी मुख्यमंत्री ने टिप्पणी की। कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। सरकार से सवाल पूछना और समाज की समस्याओं की ओर ध्यान दिलाना उसका दायित्व है। मीडिया की आवाज दबाने के बजाय उसके सवालों का सम्मान किया जाना चाहिए।