प्रवासियों को लेकर पहुंचीं श्रमिक स्पेशल ट्रेनें
देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर दिन भर ट्रेनों के आने क्रम लगा रहा।
देवरिया: महानगरों से प्रवासियों के आने का क्रम जारी है। रविवार को मद्रास, सूरत, दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत अन्य जगहों से श्रमिक स्पेशल ट्रेन प्रवासियों को लेकर देवरिया पहुंचीं। रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिग के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई। दिन भर ट्रेनों के आने का सिलसिला जारी रहा।
सबसे पहले सुबह मद्रास से 273 प्रवासियों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन पहुंची, जहां यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिग की गई। इसके बाद उनका श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन किया गया। तत्पश्चात उन्हें भोजन व नाश्ता दिया गया। इसके बाद दिल्ली से 81, लुधियाना से 1483 प्रवासियों को लेकर ट्रेन पहुंची। इसी तरह सूरत से तीन ट्रेनें पहुंची। जबकि मध्य प्रदेश समेत विभिन्न स्थानों से भी ट्रेनें आईं। स्टेशन पर देवरिया डिपो के अलावा जनपद के एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के वाहनों से प्रवासियों को उनके घर भेजा गया।
एसडीएम दिनेश मिश्र, सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय, डीसीआइ राजाराम, स्टेशन अधीक्षक परशुराम त्रिपाठी, आरपीएफ इंस्पेक्टर अभय कुमार राय, उप निरीक्षक अबू फरहान गफ्फार मौजूद रहे।