पुलिस से ग्रामीणों ने की हाथापाई, मुकदमा दर्ज
खुखुंदू, देवरिया : खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम टड़वा में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची यूपी 10
खुखुंदू, देवरिया : खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम टड़वा में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची यूपी 100 को पहले लोगों ने बंधक बना लिया। सूचना पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और सख्ती दिखाई तो ग्रामीण उग्र हो गए। इस दौरान महिला सिपाही के साथ गांव की महिलाओं ने हाथापाई की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर पिटाई की।
गांव के राजनारायण चौहान व वृद्धि चंद के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को एक पक्ष विवादित भूमि पर निर्माण कराने पहुंच गया और दूसरा पक्ष रोकने। इसके बाद विवाद बढ़ने लगा। किसी ने यूपी 100 पर सूचना दी तो पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस जब सख्ती दिखाने लगी तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस से ही उलझ गए। इस बीच यूपी 100 पुलिस में तैनात पुलिस कर्मियों ने बंधक बनाने की सूचना थाने पर दे दी। यह खबर मिलते ही थानाध्यक्ष बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों के साथ पहुंच गए। इस दौरान गांव की महिलाओं के साथ पुलिस सख्ती दिखाई तो ग्रामीण उग्र हो गए और महिला सिपाही के साथ ही पुरुष सिपाही से भी उलझ गए। इस पर पुरुष पुलिस कर्मियों ने महिलाओं की पिटाई कर दी, जिससे सरिता देवी, मुन्नी, सुमित्रा देवी, मनोरमा समेत आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यूपी 100 पुलिस को बंधक नहीं बनाया गया था। पुलिस कर्मियों ने साजिश के तहत गलत सूचना दी। पुलिस ने घर में घुसकर पिटाई की। थानाध्यक्ष भूपेंद्र ¨सह ने कहा कि पुलिस के बंधक होने की सूचना पर हम गए थे। वहां की महिलाएं, महिला सिपाही के साथ अभद्रता कीं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने गांव के लोगों पर दर्ज किया मुकदमा
पुलिस स्थिति को भांपने की बजाए सख्ती से पेश आने लगी। जब तक पुलिस वहां की स्थिति भांपती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीण जब पुलिस से उलझ गए तो पुलिस बैकफुट पर आ गई। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने मामला शांत तो किया, लेकिन उनकी नाको चने चबाने वाली स्थिति हो गई थी। इस मामले में यूपी 100 के कांस्टेबिल अशोक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के केवली देवी, रामाश्रय चौहान, आकाश चौहान, राम प्रसाद चौहान, भोलू चौहान, दुर्गेश चौहान, अवधेश, लालू चौहान के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में व्यवधान, धमकी व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, पुलिस की प्रताड़ना का वीडियो बना रहे कुछ लोगों का पुलिस ने मोबाइल ही तोड़ दिया। पीड़ितों ने पुलिस के आला अधिकारियों से इसकी शिकायत की है।