यूपी-बिहार की पगडंडी चुनौती
देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र की पगडंडियों से प्रदेश में आ रहे हैं बिहार के लोग।
देवरिया: पड़ोसी प्रांत बिहार में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। सिवान व गोपालगंज में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या थम नहीं रही है। यही वजह है कि देवरिया पुलिस ने बार्डर सील कर दिया है। बार्डर से सटी कुछ पगडंडियां पुलिस के लिए चुनौती बन गईं हैं। पगडंडी पकड़ कर लोग आसानी से यूपी में प्रवेश कर जा रहे हैं।
रविवार को पुलिस के आला अधिकारियों को इसकी सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। एसडीएम दिनेश मिश्र व सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय ने तत्काल बार्डर क्षेत्र का निरीक्षण किया। कुछ जगहों पर बांस-बल्ली लगाकर पगडंडी के रास्तों को सील किया गया। इसके बाद भी लोगों की आवाजाही बंद नहीं हो रही है।
बार्डर इलाके में पहले से ही 22 जगहों पर बैरियर लगाया गया था। इसके अलावा सीमा से सटे सभी थाना क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। यूपी-बिहार के बीच लोगों का आवागमन पूरी तरह से बंद करने का निर्देश दिया गया है। जिले के आला अधिकारी भी बार्डर क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। सदर कोतवाली के मधवापुर, करौंदी बाजार, सरौरा, बरैठा व धुसवा के समीप स्थित पगडंडी से बिहार से यूपी में लोगों का पैदल व बाइक से आना जाना लगा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बार्डर इलाके के ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों से मुलाकात की और बांस-बल्ली से उन रास्तों को भी बंद करा दिया है। साथ ही लोगों से अपील की कि यदि कोई बिहार से आता है तो तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी जाए। एसपी डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि इस तरह की सूचनाएं मिली हैं। पगडंडियों को बंद करा दिया गया है। पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।