सड़क हादसे में महिला सहित दो की मौत
कसया रोड स्थित भीमपुर चौराहे पर बुधवार की देर रात साइकिल सवार मैकेनिक बोलेरो की चपेट में आने से घायल हो गया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बरहज क्षेत्र में हुए अन्य एक सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
देवरिया: कसया रोड स्थित भीमपुर चौराहे पर बुधवार की देर रात साइकिल सवार मैकेनिक बोलेरो की चपेट में आने से घायल हो गया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बरहज क्षेत्र में हुए अन्य एक सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
रामपुर कारखाना क्षेत्र के बैकुंठपुर निवासी भोला मद्धेशिया 26 शहर में ट्रक बनाने का कार्य करता था। बुधवार की देर रात वह साइकिल से घर जा रहा था। कसया रोड स्थित भीमपुर चौराहे के समीप बोलेरो ने पीछे से साइकिल में ठोकर मार दी, जिससे भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना यूपी 100 को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क किनारे घायल पड़े ट्रक मैकेनिक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराई, जहां उपचार के दौरान भोला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। खबर जैसे ही घर पहुंची कोहराम मच गया। वहीं कोतवाली क्षेत्र के बढ़या बुजुर्ग गांव निवासी सुरसती देवी 40 पत्नी मुन्ना चौहान बुधवार को बाइक से बेटे धर्मेंद्र के साथ बरहज क्षेत्र में बहन के घर जा रही थीं। इसी बीच मैदवा, तिलौती के पास पीछे से अन्य एक बाइक चालक ने ठोकर मार दिया, जिससे महिला बीच सड़क पर गिर गईं। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।