धूप के बीच तापमान गिरा, गलन के चलते ठिठुरे लोग
शनिवार को जिले में दोपहर बाद धूप तो निकली लेकिन ठंड के साथ गलन के चलते लोग ठिठुर गए। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
देवरिया: शनिवार को जिले में दोपहर बाद धूप तो निकली, लेकिन ठंड के साथ गलन के चलते लोग ठिठुर गए। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। उधर ठंड के बीच कोहरे का भी असर तेज हो गया है। शाम होते ही कोहरा गिरने लग रहा है तो सुबह 11 बजे तक इसका असर दिख रहा है। जिसके चलते सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो जा रही है। उधर नगर पालिका व नगर पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाया जा रहा है।
शुक्रवार की शाम से ही कोहरा गिरने लगा। रात को दस बजे के बाद कोहरे का असर ग्रामीण अंचलों में ज्यादा हो गया। सुबह 11 बजे तक ग्रामीण अंचलों में कोहरे का असर रहा। कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी रही। कोहरा व आसमान में बादल होने के चलते भगवान भाष्कर का दर्शन दोपहर बाद कुछ देर के लिए हो सका। धूप निकलने के बावजूद ठंड पर कोई असर नहीं रहा। नगर पालिका प्रशासन द्वारा शिव मंदिर, जिला अस्पताल, सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन परिसर, रोडवेज परिसर, चिरैया ढाला, हनुमान मंदिर, कोआपरेटिव चौराहा समेत अन्य जगहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। ठंड के चलते रोडवेज की बसों में यात्रियों की संख्या कम हो गई है। शाम को सलेमपुर जाने वाली बस में केवल पांच यात्री नजर आए।
मेहरौना बार्डर से कुंडौली तक फोरलेन होगा रामजानकी मार्ग
रामजानकी मार्ग (एनएच-227ए) की दशा जल्द सुधरेगी। मेहरौना बार्डर से कुंडौली तक फोरलेन बनेगा जबकि कुंडौली से बड़हलगंज तक सड़क 10 मीटर चौड़ी बनेगी। इस पर 976 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लार रोड व बरहज में रेलवे लाइन के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज बनेगा। भारत माला श्रृंखला के तहत रामजानकी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण में किसानों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी। बिजली पोल, तार, पेड़ को हटाया जाएगा। बरहज व लार रोड के समीप रेलवे क्रासिग पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाया जाएगा। इसके अलावा पुलियों व बाईपास का भी निर्माण कराया जाएगा। केवल सड़क निर्माण की लागत 590.91 करोड़ आएगी, जबकि किसानों को मुआवजा व जीएसटी समेत कुल खर्च 976 करोड़ आएगा। इसके बन जाने से गोरखपुर से बिहार जाना आसान हो जाएगा। वर्तमान में इस सड़क की हालत बहुत खराब है। कई जगहों पर गिट्टियां बिखरी हैं। सांसद बांसगांव कमलेश पासवान व सांसद सलेमपुर रविदर कुशवाहा की तरफ से इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था।