अनुच्छेद 370 खत्म होने से पाकिस्तान को ज्यादा परेशानी : कलराज मिश्र
देवरिया पहुंचे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की वकालत की। कहा कि दो निशान दो विधान और दो प्रधान नहीं होना चाहिए था।
देवरिया : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विशेष परिस्थिति में अस्थायी अनुच्छेद 370 लागू किया गया था, इसे बहुत पहले ही खत्म कर देना चाहिए था, लेकिन भारत के वर्तमान नेतृत्व ने साहसपूर्ण कार्य करते हुए संसद की स्वीकृति के आधार पर खत्म किया है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है। दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं होना चाहिए था। इसे हटाने के लिए काफी दिनों से मन बनाया जा रहा था। एक राष्ट्र, एक जन, एक संस्कृति मूल तत्व है। कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने से पड़ोसी देश पाकिस्तान को ज्यादे परेशानी है। दुनिया के सभी देशों का समर्थन भारत को मिला है।
राज्यपाल मिश्र देवरिया टाउन हाल स्थित आडिटोरियम में आयोजित नागरिक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि पाकिस्तान को डर है कि पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत ले लेगा, इसलिए वह दुनिया भर में रोना रो रहा है। कहा कि जो लोग 370 हटाने का विरोध कर रहे हैं उनका रवैया देशहित में नहीं है। कहा कि अपने अंदर के अहम को ताक पर रखकर ही आगे बढ़ा जा सकता है उसी को गुरु मंत्र मानकर मैंने अपने जीवन में नकारात्मकता को अंदर प्रवेश करने नहीं दिया। सकारात्मक सोच से ही जीवन के किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है।
राज्यपाल मिश्र ने कहा कि जब मैं केंद्र में मंत्री था उस वक्त भी सरकार के अंदर नई कार्य संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया, जिसकी वजह से केंद्र व राज्य के तमाम अफसर भी सकारात्मक भाव से काम करने के लिए आगे बढ़े। राज्यपाल किसी दल का नहीं होता है। पक्ष-विपक्ष की बात सुनना और संवैधानिक मर्यादाओं के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित करना प्रमुख दायित्व है।
इससे पहले राज्यपाल श्री मिश्र का देवरिया-कुशीनगर के विभिन्न संगठनों द्वारा नागरिक अभिनंदन कर स्वागत किया गया। समारोह को प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद, सदर सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी, सलेमपुर सांसद रविद्र कुशवाहा, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नीरज शाही, विधायक जन्मेजय सिंह, सुरेश तिवारी, काली प्रसाद, कुशीनगर के विधायक रंजनी कांत मणि आदि ने भी संबोधित किया।