स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को दी ऊर्जावान रहने की सीख
देवरिया में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर गोष्ठियों व कार्यक्रमों के आयोजन का तांता लगा रहा।
देवरिया: जनपद के विभिन्न स्थानों पर रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती धूमधाम से मनाई गई। लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
तरकुलवा संवाददाता के अनुसार, मुसहरी स्थित सत्य प्रकाश विवेकानंद इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे। कहा, विवेकानंद ने युवाओं को ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने नारा दिया, उठो जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो। इन पंक्तियों से युवाओं को महज सीख नहीं, बल्कि ऊर्जा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। डा. जितेंद्र प्रताप राव, डा.सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, अवधेश सिंह, अजीमुलाह अंसारी ने विचार व्यक्त किए।
नेहरू युवा केंद्र देवरिया में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। कायस्थ विकास परिषद की तरफ से चित्रगुप्त मंदिर परिसर में स्थित सभागार में कार्यक्रम हुआ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की तरफ से जलकल चौराहा के समीप जयंती मनाई गई। यूके एकेडमी हाईस्कूल खरजरवा में भी आयोजन हुआ। संत विनोबा पीजी कालेज के अनिरुद्ध चतुर्वेदी, नीरज मणि, प्रभुनाथ गुप्ता, ललित मणि त्रिपाठी मौजूद रहे।
करायल शुक्ल संवाददाता के अनुसार, स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में केक काटा गया। ग्राम प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र ने हाईस्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र सज्जन कुमार गुप्ता को सम्मानित किया।
पथरदेवा संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के बरईपट्टी स्थित मदरसा अंजुमन इस्लामिया पर कांग्रेसियों ने विचार गोष्ठी का आयोजन किया। रुद्रपुर कार्यालय के अनुसार, बंगाल ब्लूमर हाईस्कूल में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई।