ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दीक्षा व साक्षी ने फहराया परचम
सीसी रोड स्थित पीडी एकेडमी की छात्रा दीक्षा शर्मा व साक्षी मिश्रा ने सीबीएसई के ईस्ट जोन इंटर स्कूल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में परचम लहराया और क्रमश: अंडर 49 व अंडर 52 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया
देवरिया : सीसी रोड स्थित पीडी एकेडमी की छात्रा दीक्षा शर्मा व साक्षी मिश्रा ने सीबीएसई के ईस्ट जोन इंटर स्कूल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में परचम लहराया और क्रमश: अंडर 49 व अंडर 52 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। फर्रूखाबाद के रोजी पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में उप्र, बिहार व झारखंड की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। 11वीं की छात्रा दीक्षा शर्मा ने झारखंड व बिहार के बाद वाराणसी की खिलाड़ी को फाइनल में हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं साक्षी मिश्रा ने वाराणसी, फर्रूखाबाद, झारखंड के बाद बिहार के खिलाड़ी को फाइनल में हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं का विद्यालय परिवार ने स्वागत किया, जिसमें चेयरमैन नंदलाल जायसवाल, प्रधानाचार्य मनोज जायसवाल, एनजी पांडेय, जेएन पाठक, अनुराग मणि, विपिन शास्त्री, विपिन उपाध्याय, भरत गुप्ता, जियाउल हक, एजाज अहमद, अदिति पांडेय, शिप्रा त्रिपाठी आदि शामिल रहीं।