अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए चलेगा सत्याग्रह
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह ने साझी रसोई का किया शुभारंभ -गरीबों व जरूरतमंदों में वितरित किया जाएगा एक सप्ताह तक भोजन
देवरिया : कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। कोरोना महामारी में जरूरतमंदों व मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ने पर पार्टी नेताओं को जेल में डाला जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व उनके साथियों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है, जो सरकार के रवैये को स्पष्ट करता है। प्रदेश अध्यक्ष के रिहाई के लिए एक सप्ताह तक सत्याग्रह अभियान चलाएंगे। वह शनिवार को टाउनहाल स्थित पार्टी कार्यालय पर साझी रसोई के शुभांरभ अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के साथ इसकी शुरुआत की जा रही है। साझी रसोई से गरीबों व जरूरतमंदों को एक सप्ताह तक भोजन वितरण किया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि, शहर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, रामजी गिरि, जितेंद्र पांडेय, मुकुंद भाष्कर मणि, भरत मणि, शहला अहरारी, नौशाद खां, जयदीप त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।