चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति उतारेगी लोकसभा प्रत्याशी
चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति भी देवरिया लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए प्रत्याशी के रूप में संघर्ष समिति के अध्यक्ष ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी के नाम पर कार्यकर्ताओं ने मुहर लगाया। सोमवार को शहर के एक रेस्त्रां में उन्होंने पत्रकारवार्ता के दौरान इसका एलान भी कर दिया।
देवरिया: चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति भी देवरिया लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए प्रत्याशी के रूप में संघर्ष समिति के अध्यक्ष ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी के नाम पर कार्यकर्ताओं ने मुहर लगाया।
सोमवार को शहर के एक रेस्त्रां में उन्होंने पत्रकारवार्ता के दौरान इसका एलान भी कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों, महिलाओं की समस्याओं के मुद्दे को लेकर संघर्ष समिति भी जनता के बीच जाएगी। इसके लिए चुनावी घोषणा पत्र भी उन्होंने बाकायदा जारी किया, जिसमें देवरिया में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना, देवरिया और कुशीनगर की समस्त बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराना, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य, वर्तमान एवं पूर्व को पेंशन बहाल करना, खुखुंदू को ब्लाक बनाना, देवरिया चिरैया ढाला पर अंडर पास का निर्माण, सलेमपुर को जिला बनाने की मांग, बैतालपुर को टाउन एरिया घोषित करना, जिला अस्पताल में आइसीयू की स्थापना एवं पर्याप्त डाक्टरों की तैनाती, जनपद को आदर्श जिला बनाना शामिल है। संघर्ष समिति के प्रत्याशी को ध्रुव सेना, भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी, चंद्रशेखर क्रांति मंच महिला एकता शक्ति, किसान संघर्ष मोर्चा, पानी बचाओ महासंघ, ग्राम प्रधान संगठन ने अपना समर्थन देने का एलान कर दिया है।