अस्थाई जेल बनाने की तैयारी, चिह्नित किए जा रहे स्कूल
देवरिया में अब अस्थाई जेल बनाने की तैयारी हो रही है क्योंकि शासन की गाइडलाइन के अनुसार 20 से अधिक कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अस्थाई जेलों में कैदी रखे जाएंगे।
देवरिया: जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या में इजाफा होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सभी विभाग कोरोना से लड़ने की तैयारी जुट गए हैं। सर्वाधिक परेशानी जेल प्रशासन के सामने आ सकती है। शासन का निर्देश है कि जिस जिले में 20 से अधिक कोरोना संक्रमित लोग हों, वहां अस्थाई जेल का निर्माण कराया जाए। जिले में अब 24 लोग संक्रमित हो गए हैं। इसको देखते हुए जेल प्रशासन ने अस्थाई जेल के निर्माण के लिए पत्र व्यवहार तेज कर दिया है। मंगलवार को जेल अधीक्षक ने डीएम अमित किशोर को पत्र भेजकर किसी विद्यालय को चिन्हित कर अस्थाई जेल के निर्माण की मांग की है। ताकि अस्थाई जेल में नए बंदियों को रखा जाए। जेल अधीक्षक केपी त्रिपाठी ने कहा कि जिले में 24 लोग संक्रमित हो गए हैं। ऐसे में अस्थाई जेल का निर्माण जरूरी है।