लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे बसपा कार्यकर्ता
सौरभ कुमार मिश्र, देवरिया बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सं
सौरभ कुमार मिश्र, देवरिया
बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर संगठन को गांवों में मजबूत करने में जुटे हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन को एकदम चुस्त-दुरुस्त करने में लगी है। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पार्टी में प्रत्याशिता को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। अभी से चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है। ऐसी चर्चा है कि इस बार लोकसभा क्षेत्र देवरिया की सीट पर सपा-बसपा गठबंधन पर बसपा अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसका आधार यह बताया जा रहा है कि पिछले चुनाव में बसपा के प्रत्याशी जहां भी दूसरे नंबर पर रहे हैं वहां बसपा अपना प्रत्याशी उतारेगी। हालांकि सपा-बसपा गठबंधन के फैसले का पार्टी कार्यकर्ताओं का इंतजार है। बसपा प्रत्याशियों की दावेदारी के बीच बसपा कार्यकर्ता पार्टी से नौजवानों को जोड़ने के साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
देवरिया लोकसभा क्षेत्र में देवरिया सदर, रामपुर कारखाना च पथरदेवा विधान सभा क्षेत्र को रखा गया है। देवरिया सदर में बसपा ने 366 बूथ, 36 सेक्टर, रामपुर कारखाना में 368 बूथ व 37 सेक्टर पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में 360 बूथ व 36 सेक्टर हैं। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर व विधानसभा क्षेत्र की कमेटी का गठन कर लिया गया है। इसके अलावा बूथ कमेटी के गठन कर कार्य चल रहा है। जिसे 15 अगस्त के पहले गठन कर पार्टी के पदाधिकारियों को इसकी सूचना दे देनी है। बूथ कमेटी में तीन पदाधिकारियों समेत कुल 23 कार्यकर्ताओं का गठन करना है। जिसमें एक बूथ अध्यक्ष, एक महासचिव, एक कोषाध्यक्ष के अलावा 20 सक्रिय सदस्य बनाना है। इसमें सर्वसमाज की भागीदारी के साथ ही युवाओं को तरजीह देना है। इसका निर्देश पार्टी ने जारी किया है। सभी जाति वर्ग को सम्मान देने के साथ ही उन्हें हर हाल में जोड़ने का पार्टी हाई कमान से निर्देश है। प्रदेश में बसपा-सपा गठबंधन के बाद पार्टी के नेताओं को भी इस बात का इंतजार है कि यहां से किस दल का प्रत्याशी मैदान में उतरेगा।
उधर, बसपा के लोकसभा प्रत्याशी के दावेदार पूरी ताकत के साथ क्षेत्र में लगे हैं और सभी अपने तरीके से प्रत्याशिता का दावा कर रहे हैं। हां एक बात जरूर कह रहे हैं कि बहन जी का जिसको निर्देश होगा देवरिया लोकसभा क्षेत्र से चुनाव भी वही लड़ेगा। सभी लोग बसपा के सिपाही हैं संगठन के लिए कार्य करते हैं। उधर पूर्व के वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव में देवरिया की सीट पर बसपा से नियाज खान, सपा से बालेश्वर यादव, कांग्रेस से सभाकुंवर, बीजेपी से कलराज मिश्र चुनाव लड़े, जिसमें यह सीट भाजपा की झोली में गई। बसपा यहां दूसरे स्थान पर रही। बसपा कार्यकर्ता व नेता दबी जुबान यह कह रहे हैं कि यहां बसपा बीते चुनाव में दूसरे स्थान पर रही है और वर्ष 2009 में बसपा के प्रत्याशी गोरख प्रसाद जायसवाल ने जीत हासिल किया था। ऐसे में यहां से बसपा प्रत्याशी का उतरना पार्टी कार्यकर्ता व नेता लगभग तय मान रहे हैं। देखना अब यह है कि इस पर मुहर लगता है या यह सीट सपा की झोली में जाती है।