मुश्किलों के बीच ढूंढ ली खुशहाली की राह
देवरिया में गांव की महिलाओं के साथ मिलकर बनाया शिव शक्ति समूह।
देवरिया: जब मुश्किलें आई, परिवार को आर्थिक तंगी ने परेशान किया तो साधना ने हिम्मत हारने की जगह बुलंद हौसले के साथ मुकाबला करने की ठानी। देवरिया जिले के भागलपुर ब्लाक के जोगापुर गांव की साधना ने ब्लाक कर्मचारियों की मदद से शिवशक्ति समूह का गठन कर डाला। गांव की 12 महिलाओं को शामिल कर सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वस्त्र सिलाई का कार्य करने लगीं। अब न केवल अपने, बल्कि गांव के छह परिवारों का सहारा बन गई हैं।
लाकडाउन में उनके समूह ने मास्क बनाने के साथ ही स्कूल ड्रेस भी तैयार किया। अब तो गांव के लोग भी उनसे कपड़े सिलवाने आते हैं। सभी परिवार आज 500 से एक हजार रुपये रोज कमा रहे हैं।
तैयार किया हजार से अधिक स्कूल ड्रेस
समूह ने अब तक 1000 से अधिक स्कूली बच्चों का ड्रेस तैयार कर संबंधित फर्म को सौंपा हैं। ड्रेस तैयार करने में गांव व आसपास की अन्य महिलाएं भी इनके साथ हैं। ये महिलाएं भी आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। साधना के प्रयास से रंजना, रमिता, रंजू, नीलम, मुस्कान व निकी का भी परिवार खुशहाल है।
समूह ने दिलाई आत्मनिर्भरता
साधना कहती हैं कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अब किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती, समूह ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में भरपूर मदद की। कोरोना संक्रमण काल में प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करने वाले पति राजीव के घर वापस आ जाने के चलते सास, ससुर व दो बच्चों का खर्च खुद वहन कर रही हूं।