पीएम अजय योजना: देवरिया के 64 गांवों में 12.80 करोड़ से होगा कार्य, इन क्षेत्र के लोगों को मिलेगा फायदा
देवरिया जिले के 64 अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम अजय) के तहत 12.80 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
देवरिया के 64 गांवों को पीएम अजय योजना का लाभ।
अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में 12.80 करोड़ रुपये आवंटित।
शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं पर होगा विशेष जोर।
जागरण संवाददाता, देवरिया। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम अजय) के तहत जिले के 64 गांवों में शासन ने 12.80 करोड़ रुपये आवंटित की है। इससे अनुसूचित जाति बाहुल्य वाले गांवों में 20-20 लाख रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे।
योजना के तहत गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।ग्राम पंचायतों में प्रधान की जगह प्रशासक की तैनाती होने के चलते इस बार इस धन से सड़क, नाली, पेयजल आदि कार्यों पर धन खर्च करने पर रोक लगी है।
ऐसे में इस वित्तीय वर्ष में धन को खर्च करने के लिए विद्यालय की मरम्मत व सुंदरीकरण, पंचायत भवनों, सामुदायिक भवन, विवाह भवन आदि की मरम्मत व उसके सुंदरीकरण पर खर्च किया जाएगा।
इसके साथ ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। गांवों में उपलब्ध सुविधाओं और जरूरतों का आंकलन करने के बाद प्राथमिकता के आधार पर कार्यों का चयन किया जाएगा।
पीएम अजय योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है। योजना के तहत ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है, जिनका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिल सके। -राजेश कुमार सिंह मुख्य विकास अधिकारी।
यह भी पढ़ें- देवीपाटन मंदिर में लगने वाले नवरात्र मेला की तैयारी शुरू, 823 पुलिस के साथ दो प्लाटून PAC रहेगी तैनात
