विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवीपाटन मंदिर में लगने वाले नवरात्र मेला की तैयारी शुरू, 823 पुलिस के साथ दो प्लाटून PAC रहेगी तैनात

Published: Sat, 12 Sep 2026 04:29 PM (IST)

बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर में 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ...और पढ़ें

देवीपाटन मंदिर में लगने वाले नवरात मेला में रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था।

देवीपाटन मंदिर में लगने वाले नवरात मेला में रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था।

HighLights

  1. 11 अक्टूबर से शुरू होगा शारदीय नवरात्र मेला।

  2. 823 पुलिसकर्मी और दो प्लाटून पीएसी तैनात होगी।

  3. सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और बिजली पर विशेष ध्यान।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर में 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात मेला को लेकर जिला और मंदिर प्रशासन ने बैठक की। इसमें नव रात में मंदिर आने वाले भक्तों की संख्या को देखते हुए तैयारी की जाए। इस पर चर्चा की गई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, बिजली, सफाई, पेयजल, जल निकासी, परिवहन, रेलवे तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विभागवार तैयारी पर मंथन किया गया।

जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को मां पाटेश्वरी के दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मंदिर एवं मेला परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि गत वर्ष की व्यवस्था के आधार पर मेले में कुल 823 सिविल पुलिस, यातायात एवं एलआइयू कार्मिकों के साथ दो प्लाटून पीएसी की व्यवस्था प्रस्तावित है।

पुलिस बल में राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी, यातायात कर्मी, एलआइयू, फायर टेंडर एवं वायरलेस कर्मियों सहित आवश्यक बल की तैनाती की जाएगी।

मेला क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्र को जोन एवं सेक्टर में विभाजित करते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए अलग से भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट प्लान), मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 30 सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन सर्विलांस, एचएचएमडी/डीएफएमडी, बैगेज स्कैनर एवं अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग किया जाएगा। सादे वस्त्रों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।

एलआईयू, एटीएस चेक टीम, बीडीएस एवं डाग स्क्वायड के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाएगा। यातायात व्यवस्था के तहत प्रमुख मार्गों पर बैरियर एवं डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

पार्किंग स्थलों का निर्धारण करते हुए श्रद्धालुओं के वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने और मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर अनावश्यक जाम न लगने देने के निर्देश दिए। बैठक महांत मिथलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में देवीपाटन मंदिर परिसर सभागार में हुई।

24 घंटे उपलब्ध रहेगी चिकित्सा सुविधा

स्वास्थ्य विभाग मेला एवं मंदिर परिसर में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित करेगा, जो 24 घंटे संचालित रहेगा। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।

रेल एवं परिवहन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट खिड़की खोलने, जीआरपी एवं पुलिस बल की तैनाती तथा ट्रेनों के ठहराव के लिए समन्वय पर चर्चा की गई। परिवहन विभाग मेला परिसर से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बसों का रूट एवं समय-सारिणी निर्धारित करेगा। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूछताछ केंद्र बनेगा। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों की तत्काल व्यवस्था की जाएगी।

मिलेगी निर्बाध बिजली

मेले के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर एवं मेला परिसर में पुराने एवं जर्जर तारों की जांच, आवश्यक मरम्मत तथा ट्रांसफार्मरों को रिजर्व में रखा जाएगा। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी मेला अवधि में निरंतर भ्रमण एवं निगरानी करते हुए सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- रामनगरी में नई रेल लाइनों के विस्तार से सुगम होगा ट्रेनों का संचालन, व्यापार और पर्यटन दोनों को मिलेगा बढ़ावा