रामनगरी में नई रेल लाइनों के विस्तार से सुगम होगा ट्रेनों का संचालन, व्यापार और पर्यटन दोनों को मिलेगा बढ़ावा
रामनगरी अयोध्या में रेल यातायात को सुगम बनाने के लिए तीन नई रेल लाइनों का विस्तार किया जा रहा है, ...और पढ़ें

नई रेल लाइनों के विस्तार से रामनगरी में और सुगम होगा ट्रेनों का संचालन।
HighLights
अयोध्या में तीन नई रेल लाइनों का विस्तार हो रहा है।
दर्शननगर-कटरा बाईपास से इंजन बदलने का समय बचेगा।
नई लाइनें व्यापार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी।
संवाद सूत्र, अयोध्या। रामनगरी में रेल यातायात को और अधिक सुगम व तेज बनाने के लिए रेलवे प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। रेलवे ट्रैकों के विद्युतीकरण और दोहरीकरण के बाद अब तीन नई रेल लाइनों के विस्तार की योजना तेजी से दौड़ रही है।
इन लाइनों के पूरा होने से अयोध्या सेक्शन में ट्रेनों का संचालन पहले से कहीं अधिक बेहतर हो जाएगा और यात्रियों को सुविधा मिलेगी। नए विस्तार कार्यों में दर्शननगर से कटरा, दर्शननगर से मसौधा तथा मसौधा से सालारपुर तक की रेल लाइनों का निर्माण शामिल है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण दर्शननगर से कटरा बाइपास रेल लाइन है।
इसके बनने से गोंडा, मनकापुर और बस्ती की ओर से अयोध्या आने वाली ट्रेनों को सीधे दर्शननगर से आगे निकाला जा सकेगा। वर्तमान में इन ट्रेनों को अयोध्या में इंजन बदलना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी होती है।
नई बाइपास लाइन के कारण इंजन परिवर्तन की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी, जिससे समय की बचत होगी। इससे ट्रेनों की समयबद्धता भी सुधरेगी। इसके अलावा मसौधा और सालारपुर के बीच नई रेल लाइन का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसका मुख्य उद्देश्य लखनऊ और सुलतानपुर के बीच सीधा व सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
साथ ही इन रूटों पर चलने वाली ट्रेनों के अयोध्या कैंट पर अनावश्यक ठहराव को रोकना भी है। वर्तमान व्यवस्था में सुलतानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों को पहले अयोध्या कैंट आना पड़ता है। वहां पहुंचने के बाद ट्रेन को बैक करके गंतव्य की ओर भेजा जाता है।
इस प्रक्रिया से अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रैक अनावश्यक रूप से व्यस्त रहता है, जिससे अन्य ट्रेनों के संचालन में भी बाधा उत्पन्न होती है।नई रेल लाइनों के निर्माण से अयोध्या कैंट स्टेशन पर भीड़ और ट्रैक व्यस्तता कम होगी।
दर्शननगर से मसौधा और मसौधा से सालारपुर तक के ट्रैक विस्तार से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यात्री लखनऊ-सुलतानपुर मार्ग पर आसानी से यात्रा कर सकेंगे और अयोध्या आने-जाने वाली ट्रेनों का प्रवाह भी सुचारू रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार दर्शननगर से मसौधा के बीच रेलवे लाइन का सर्वे हो रहा है, जबकि दो अन्य लाइनों का सर्वे पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विद्युतीकरण और दोहरीकरण के बाद ये तीन नई लाइनें अयोध्या सेक्शन की क्षमता को बढ़ाएंगी। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- हरदोई में रोडवेज में 328 आउटसोर्स कर्मचारी होंगे संविदाकर्मी, 30 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी
