गरीबों,किसानों के लिए कार्य कर रही सरकार
देवरिया के भलुअनी में संसदीय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने किया।
देवरिया: विकास खंड के अभयानंद इंटर कालेज के मैदान पर गुरुवार को संसदीय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि हर ब्लाक में मेले के आयोजन से केंद्र सरकार की योजना सफल हो रही है। केंद्र सरकार गरीबों और देश के विकास के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का आज सपना साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर आज देश में खलबली है। विपक्ष के पास दूसरा कोई मुद्दा नहीं है, लेकिन सरकार का वादा है कि किसी भी नागरिक की नागरिकता समाप्त नहीं होगी। शरणार्थियों को नागरिकता प्रदान की जाएगी। इसे लेकर जागरूकता के लिए एमपी कॉलेज गोरखपुर में 19 जनवरी को विशाल रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने लोगों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीवी शाही ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना महत्वाकांक्षी योजना है। हम किसी भी व्यक्ति को जेई, एईएस के उन्मूलन के लिए हर स्तर पर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। परिवार के प्रत्येक सदस्य को पांच लाख तक की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मेले में गरीबों को कंबल वितरित किया गया, लेकिन तमाम महिलाएं बिना कंबल के कोसती हुई लौट गईं। मेले में गोद भराई कार्यक्रम हुआ। इस दौरान पोस्टल, बैंक खाता, कन्या सुमंगला योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया गया। मेले में भाजपा नेता अंगद तिवारी, संजय सिंह, विजयेश्वरी सिंह, रामनिवास उपाध्याय, मोहन पाठक, नरेंद्र मिश्र मौजूद रहे।