जल शक्ति अभियान को जन शक्ति से जोड़ें अधिकारी : सीडीओ
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत जल शक्ति अभियान पर शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
देवरिया : उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत जल शक्ति अभियान पर शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जल शक्ति को अभियान को जनांदोलन बनाने के लिए पूरी ताकत से लगने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी श्रीकृष्ण पांडेय ने कहा कि जल संरक्षण और जल संचयन आज की बहुत बड़ी जरूरत है। जल संरक्षण के अभाव में हमारा आने वाला कल असुरक्षित हो जाएगा। सभी को जल संचयन के साथ उसका उपयोग करने की जरूरत है। उपायुक्त स्वत: रोजगार विजय कुमार ने कहा कि जल शक्ति अभियान पूरे देश में दो चरणों में लागू किया गया है। इसका पहला चरण 15 सितंबर तक चलेगा। दूसरा चरण एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगा। अभियान को जन शक्ति से जल शक्ति की ओर ले जाना है। इसका मुख्य उद्देश्य परिसंपत्ति सृजन एवं संचार अभियान के जरिए जल संरक्षण एवं सिचाई कार्यक्षमता का संवर्धन करना है। उपायुक्त श्रम रोजगार गजेंद्र तिवारी ने जल संचयन एवं रेन वाटर हार्वेस्टिग, पारंपरिक जल स्त्रोतों एवं तालाबों का जीर्णोद्धार, बोरवेल रिचार्ज स्ट्रक्चर का फिर से उपयोग, वाटर शेड डेवलपमेंट तथा सघन पौधारोपण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान डीपीआरओ ओपी पांडेय, आलोक दत्त उपाध्याय, अशोक कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।