दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, हिरासत में पति
देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के प्रखन टोला में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई।
देवरिया: थाना क्षेत्र के तरकुलवा के प्रखन टोला निवासी एक विवाहिता की दहेज में एक लाख रुपये न मिलने पर ससुरालियों ने सोमवार की रात हत्या कर दी। पुलिस ने ससुराल के चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पति को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र के ग्राम मैनपुर टोला निवासी राजदेव यादव ने अपनी बेटी सरिता की शादी तीन साल पूर्व तरकुलवा के प्रखन टोला निवासी विकास यादव से की थी। 9 मई 2019 को गवना होने के बाद सरिता ससुराल गई। राजदेव का कहना है कि जब से वह ससुराल गई, तभी से ससुराली दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने लगे। कई बार पंचायत भी हुई। बीती रात ससुरालियों ने सरिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मौत की सूचना मंगलवार की सुबह दी गई।
तरकुलवा पुलिस ने पति विकास यादव, ससुर बलिस्टर यादव, देवर विनय व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।