श्रीधाम मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा
देवरिया के बैतालपुर में हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ श्री रुद्र महायज्ञ शुरू किया गया।
देवरिया: गुरुवार को बैतालपुर क्षेत्र के खिरहा स्थित श्रीधाम मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारम्भ हो गया।
1001 कन्याओं के अलावा 501 महिलाएं रामनामी दुपट्टा और पीली साड़ी में सुसज्जित होकर कतारबद्ध होकर माथे पर कलश लेकर चल रही थी। जिनकी छटा देखते बन रही थी। कलश यात्रा के साथ हाथी, घोड़ा, बैंडबाजा के बीच लगे रहे हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारे से माहौल भक्तिमय हो गया। रास्ते में जगह-जगह तोरण द्वार बनाकर फूल मालाओं के साथ कलश यात्रा में चल रहे लोगों का स्वागत किया गया।
वाराणसी से आए आचार्य के साथ यज्ञाचार्य दुर्गेश पांडेय व उपाचार्यों ने खाली कलश का विधि विधान के साथ पूजन कराया। इसके बाद यात्रा प्रारम्भ हुई। जमुना गांव में ग्राम प्रधान बसंत मणि ने कलश यात्रियों और आचार्य, संतों, नागाओं का स्वागत किया, उसके बाद इटवा में ग्राम प्रधान रामजन्म यादव ने यात्रा का स्वागत किया। बैतालपुर के हास्पिटल रोड पर जब यात्रा पहुंची तो कतारबद्ध होकर महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रियों का अनूठा स्वागत किया। बलुआ दुर्गा मंदिर स्थित पोखरे पर कन्याओं और महिलाओं ने जल भरा और वहां से श्रीधाम मंदिर पर यात्रा समाप्त होकर यज्ञ मंडप पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश।
यज्ञ के यजमान शशिभूषण मणि, चन्द्रभूषण मणि, रामजस यादव, रामवृक्ष मणि, सुरेन्द्र यादव, नन्हे मिश्रा, देवेश पति त्रिपाठी, विधिभूषण मणि, शिवभूषण मिश्र, आयोजक मंडल के अध्यक्ष राहुल मणि, सुयश मणि आदि उपस्थित रहे।