यातायात नियमों के पालन से जीवन होता है सुरक्षित
उपनगर के ईचौना पश्चिमी वार्ड में यातायात नियमों के पालन से जीवन को बनाएं सुरक्षित विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें यातायात सुरक्षा की जानकारी दी गई।
देवरिया: उपनगर के ईचौना पश्चिमी वार्ड में यातायात नियमों के पालन से जीवन को बनाएं सुरक्षित विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें यातायात सुरक्षा की जानकारी दी गई। इस अवसर पर छठ मेला सहित अन्य पर्व पर सुरक्षा व कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय को सम्मानित किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों को अपनाकर आप अपने जीवन को सुरक्षित तथा सुखमय रख सकते हैं। दोपहिया वाहन चालक तथा उस पर सवार व्यक्ति को नए नियम के अनुसार हेलमेट पहनना अनिवार्य है। चारपहिया वाहन चालक तथा आगे की सीट पर बैठे हुए व्यक्ति को सीट बेल्ट लगाना आवश्यक है। इन नियमों का पालन कर आप अनावश्यक परेशानी से बच सकते हैं। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सुधाकर गुप्त ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटना से बचा जा सकता है। जीवन अनमोल है। अपने परिवार के लिए इसको बचाना जरूरी है। धर्मेंद्र पांडेय ने कहा कि अधिकांश मौत बिना हेलमेट पहनने वाले लोगों की होती है। डा. शशिकांत तिवारी ने आभार जताया। गोष्ठी को मुन्ना नाथ तिवारी, मोहन प्रसाद प्रधान, डॉ निशा तिवारी, मनोज पांडेय, काशीनाथ यादव, गुड्डू मिश्र, बृजेशधर द्विवेदी, प्रिस तिवारी बंटी आदि ने संबोधित किया।