मुसाफिरों पर भारी, चालकों की मनमानी
डग्गामार वाहन चालक रोडवेज गेट एसपी कार्यालय व कलेक्ट्रेट के सामने गाड़ी खड़ा कर रहे हैं लेकिन यातायात पुलिसकर्मी इसको लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
देवरिया: शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर करने पर एसपी डा.श्रीपति मिश्र का भले ही जोर है, लेकिन मनबढ़ वाहन चालकों व यातायात पुलिसकर्मियों की लापरवाही से शहर की सूरत बिगड़ती नजर आ रही है। हर दिन जाम की समस्या से शहर जूझ रहा है। हालांकि अधिकारी इसको लेकर कार्रवाई करने का संकेत जरुर दे रहे हैं।
शहर में ऐसे तो पहले से ही जाम की समस्या चली आ रही है, लेकिन इन दिनों कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। इसके पीछे कई कारण है, शहर की व्यस्तम सड़क माने जाने वाले सिविल लाइन रोड पर एसपी आवास से लेकर गोरखपुर ओवरब्रिज तक जगह-जगह वाहन चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी भर रहे हैं। जिसके चलते जाम की समस्या बढ़ जा रही है। खास बात यह है कि डग्गामार वाहन चालक रोडवेज गेट, एसपी कार्यालय व कलेक्ट्रेट के सामने गाड़ी खड़ा कर रहे हैं, लेकिन यातायात पुलिसकर्मी इसको लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। यातायात पुलिसकर्मी केवल बाइक व छोटे चार पहिया वाहनों पर ही कार्रवाई करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा कुशीनगर रोड ओवरब्रिज व गोरखपुर रोड ओवरब्रिज भी वाहन स्टैंड के रूप में प्रयोग हो रहे हैं। जिसके चलते जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
सीओ यातायात निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि मनबढ़ वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दशा में रोडवेज से एक किमी परिधि में डग्गामार वाहन सवारी नहीं भरेंगे। यहां तो केवल है पुलिस कर्मियों की तैनाती
जिलाधिकारी आवास के सामने बने यातायात पिकेट पर चार होमगार्ड व एक यातायात सिपाही की तैनाती है, लेकिन यह पुलिसकर्मी ड्यूटी करने की बजाय बैठे नजर आते हैं और वाहन चालक मनमानी वाहन चलाते हैं। जिसके चलते यहां जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
यहां भी चलती है मनमानी
शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक यातायात इंस्पेक्टर, एक दारोगा, तीन दीवान समेत 40 पुलिसकर्मी, 40 होमगार्ड व 40 पीआरडी जवान की तैनाती है। इसके अलावा शहर के दो मार्ग वन-वे भी किए गए हैं। वन-वे में भी पुलिस कर्मियों की मनमानी दिखती है। जिसके चलते जाम की समस्या यहां भी उत्पन्न हो जाती है।