35 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में बढ़ रहा हृदय रोग
देवरिया में विश्व हृदय दिवस पर सीएमओ कार्यालय परिसर में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान।
देवरिया: विश्व हृदय दिवस पर सीएमओ कार्यालय परिसर में लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया। एसीएमओ डा. संजय चंद ने कहा कि 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं में भी खराब जीवन शैली और खाने की खराब आदतों के कारण दिल की बीमारी होने का खतरा बढ़ रहा है।
कहा, विगत 5 साल में दिल की समस्याओं से पीड़ित लोगों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। इनमें से अधिकांश की आयु 30-50 साल है। इनमें पुरुष और महिलाएं शामिल हैं। एसीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि लोगों के पास अपने शरीर और मन को स्वस्थ और शांत रखने के लिए समय ही नहीं है, जिस वजह से लोगों में कई तरह की बीमारियां देखने को मिल रही हैं। लोगों को कम से कम आधे घंटे व्यायाम और योग करना चाहिए। डा. जफर अनीस ने कहा कि थोड़ा बाहर घूमना चाहिए लेकिन कोरोना से बचने के उपाय के साथ। नमक, चीनी और फैट वाली चीजें खाने से परहेज करना चाहिए। इससे दिल की बीमारी होने का खतरा कम होता है।
डा. निखिलेश मिश्र, डा. एसके सिंह, वर्षा सिंह, श्रीश वर्मा, जय प्रकाश कुशवाहा, राजेश वर्मा, जियाउल हक, नेहा गुप्ता आदि मौजूद रहे।