जलभराव की समस्या को लेकर पूर्व विधायक अनशन पर
नुकसान हुई फसलों व गिरी मकानों का मिले मुआवजा
देवरिया: पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव ने जलभराव व पानी से किसानों के हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को लवरछी चौराहा पर अनशन शुरू किया। उन्होंने मुआवजा और जलनिकास का इंतजाम होने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है।
पूर्व विधायक ने कहा कि लगातार बारिश से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। जलनिकास का कोई इतंजाम नहीं है। प्रशासन ने ग्रामीणों व किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। लवरछी गांव के लोग तेरह दिन से पंपसेट से पानी निकाल रहे हैं। मोहाव, देईडीहा, बरछौली, मिर्जापुर, रगरगंज, भड़सरा, नावापार, मेहियवां, सिसई गुलाबराय के लोग कुर्ना नाले से जलभराव से परेशान हैं। पानी से घिरे गांवों के जलनिकासी की स्थाई व्यवस्था की जाए। नुकसान हुई फसलों व गिरे घरों का मुआवजा दिया जाए। सरकार को आमजन के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं रह गया है। छात्र, युवा, किसान व्यापारी सभी परेशान हैं। कानून व्यवस्था के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्या की जा रही है। पुष्पेंद्र यादव, वृजपाल मौर्य की हत्या इसका प्रमाण है। फर्जी एनकाउंटर की न्यायिक जांच कराई जाए। पूर्व विधायक के साथ रविद्र रावत, रामचंद्र यादव, खड़ग बहादुर यादव, अनिरुद्ध, राजेश यादव, दुर्गा सिंह, अजय प्रताप, रामसरीखा आदि बैठे रहे।