विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व IAS दिव्या मित्तल आज करेंगी बड़ा खुलासा, राजनीति में एंट्री या कोचिंग समेत कई सस्पेंस होंगे क्लियर

Published: Tue, 29 Sep 2026 06:00 AM (IST)

IAS Divya Mittal: पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल अपनी नई पारी को लेकर जारी सस्पेंस आज सुबह 8:30 बजे खत्म करेंगी।

पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल।

पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल।

HighLights

  1. पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल आज करेंगी अपनी भावी योजनाओं का खुलासा।

  2. उन्होंने 30 अगस्त को प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र दिया था।

  3. संतकबीरनगर, मीरजापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं।

जागरण संवाददाता, देवरिया। IAS Divya Mittal | आईएएस की नौकरी से त्याग पत्र देने के बाद उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की नई पारी को लेकर जारी सस्पेंस अब खत्म होने वाला है। राजनीति में प्रवेश से लेकर कोचिंग संस्थान शुरू करने, विदेश वापसी और परिवार को समय देने जैसी कयासबाजियों के बीच खुद दिव्या मित्तल ने अपने अगले कदम का खुलासा करने का समय तय कर दिया है।

उन्होंने अपने आधिकारिक 'एक्स' (ट्विटर) व फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट साझा कर जानकारी दी है कि मंगलवार यानी 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे वह अपनी भावी योजनाओं का खुलासा करेंगी। उनकी इस पोस्ट के बाद प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में इस्तीफे के बाद से चल रही तमाम अटकलों का सिलसिलेवार जिक्र किया है। उन्होंने लिखा, 'बच्चे छोटे हैं अब घर', 'अच्छा पैकेज मिलेगा-वापस विदेश', 'आईएएस पर किताब लिखी है कोचिंग' और 'टिकट पक्का हो गया होगा। राजनीति' जैसी संभावनाओं का उल्लेख करते हुए समर्थकों और उत्सुक लोगों को मंगलवार सुबह तक इंतजार करने को कहा है।

30 अगस्त को दिया था इस्तीफा, 15 सितंबर को हुआ स्वीकार

2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गत 30 अगस्त को प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र देने की घोषणा की थी, जिसे 15 सितंबर 2026 को शासन द्वारा स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही उनके लगभग 13 वर्षों के प्रशासनिक सफर का समापन हो गया।

इन पदों पर रह चुकी हैं कार्यरत

अपने कार्यकाल के दौरान वे मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्ध नगर में सीडीओ, कानपुर नगर में यूपीसीडा की संयुक्त प्रबंध निदेशक तथा बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष रहीं। इसके बाद उन्होंने संतकबीरनगर और मीरजापुर में जिलाधिकारी के रूप में सफल कार्य किया।

मीरजापुर के दुरुह पथरीले क्षेत्र लहुरियादह गांव तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाने का उनका कार्य काफी चर्चित रहा। वे उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी रहीं।

जुलाई 2024 में उन्हें देवरिया का जिलाधिकारी बनाया गया था, जहां उन्होंने 5 मई 2026 तक सेवाएं दीं। इसके बाद उनका तबादला शासन में हुआ था और वे राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं।

यह भी पढ़ें- IAS दिव्या मित्तल आगे क्या करेंगी...राजनीति में लेंगी एंट्री या घर संभालेंगी? एक नजर में पूरा प्रशासनिक सफर