सड़कों का स्वर्ग बनेगा उत्तर प्रदेश: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी जानते हैं कि बिना उत्तर प्रदेश का विकास किए देश का विकास नहीं हो सकता।
देवरिया (जेएनएन)। देवरिया जिले के भाटपररानी तहसील क्षेत्र के बंगरा बाजार में भागवत भगत खंजड़ी वाले बाबा के जन्मदिन पर आयोजित किसान मेला व सभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हुए थे। इस मौके पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी ठंड के बावजूद इतने सारे लोगों को देखकर उन्हें काफी अच्छा लगा।
बकौल मौर्य, 'आज आप लोगों की तरफ जो भी मांगें रखी गई हैं उसे पूरा कराने के लिए आज ही अधिकारियों को तैयारी शुरू करने का निर्देश देता हूं। यह जनसैलाब देखकर साफ लग रहा है कि 2019 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आप लोगों ने प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प ले लिया है।।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि आज उन्होंने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया उसे वो लोगों के सुपुर्द करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों का स्वर्ग कोई बनेगा तो वह उत्तर प्रदेश होगा। अभी भी कई सड़कें बनाने का कार्य तेजी से हो रहा है। मौर्य ने कहा, 'जिस तरह 2017 में पूरे प्रदेश में कमल खिला, सभी अचंभित रह गए।' उन्होंने कहा कि हम सत्ता का सुख भोगने नहीं बल्कि जनता की सेवा करने आए हैं।
उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री चुनकर गए हैं। इसलिए उनका पूरा ध्यान उत्तर प्रदेश की तरफ है। मौर्य ने कहा कि वह जानते हैं कि बिना उत्तर प्रदेश का विकास किए देश का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि धान की खरीद में यदि कोई दलाल मिलता है तो संबंधित अधिकारी बख्शे नही जायेंगे। अब मोदी युग आ गया है। अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा। यदि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कोई घूस मांगता है तो आप हमें सूचित करिए, हम उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें: प्रदेश सरकार परंपरागत उद्योग को पुनर्जीवित करेगी : योगी आदित्यनाथ
उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार पार्टी कार्यकताओं व जनता की आशीर्वाद से बनी है। हमारा संकल्प सबका साथ, सबका विकास है। जनकल्याण की जितनी भी योजनाए चल रही है उसका लाभ आपको मिले यह सुनिश्चित करना अधिकारियों का काम हैं। मैं खुद किसान के परिवार से हूं। मैं चाहता हूं कि आप खेती से नाता जोड़िये, मदद हम करेंगे। मैंने चुनाव के दौरान यहां आने का वादा किया था, जिसे आज पूरा किया।'
यह भी पढ़ें: शामली मुठभेड़ में शहीद सिपाही अंकित के परिवार को 50 लाख की आर्थिक मदद