विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रूस की नौकरी ने दिया सदमा! देवरिया से वीजा लेकर निकले युवक, दिल्ली पहुंचते ही चूर हुए सपने

Published: Tue, 13 Oct 2026 06:09 PM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2026 06:31 PM (IST)

नौ युवकों को रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर देवरिया के अली असगर ने करीब 12 लाख रुपये ठग ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख की ठगी।

  2. देवरिया के नौ युवकों से फर्जी वीजा बनाकर धोखाधड़ी।

  3. आरोपी अली असगर के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।

जागरण संवाददाता, देवरिया। रूस के वेयरहाउस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नौ युवकों से करीब 12 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपित ने पासपोर्ट और रुपये लेने के बाद कथित रूप से फर्जी वीजा बनाकर मोबाइल पर पीडीएफ भेज दी, इसके बाद तीन युवकों को दिल्ली के एक होटल में बुलाकर छोड़ दिया और खुद फरार हो गया। इससे युवकों का विदेश में नौकरी करने का सपना टूट गया। 

पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

80 हजार रुपये बताया था मासिक वेतन

खामपार थाना क्षेत्र के नोनार कपरदार गांव निवासी पारसनाथ गुप्ता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि औरंगाबाद गांव निवासी अली असगर विदेश भेजने का काम करता था। उसने पारसनाथ, उनके गांव के प्रकाश सिंह समेत नौ लोगों को रूस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

आरोपित ने एक हजार अमेरिकी डॉलर यानी करीब 80 हजार रुपये मासिक वेतन और ओवरटाइम मिलने का लालच दिया। विदेश भेजने के लिए प्रति व्यक्ति एक लाख 60 हजार रुपये खर्च बताया गया। आरोप है कि 20 जुलाई 2025 को युवकों ने आरोपित को पासपोर्ट और शुरुआती रकम सौंप दी।

इसके बाद अलग-अलग लोगों से ऑनलाइन और नकद रुपये लिए गए। काफी समय बीतने के बाद भी किसी को विदेश नहीं भेजा गया। आरोपित ने पासपोर्ट पर कथित रूप से फर्जी वीजा लगाकर उसकी पीडीएफ मोबाइल पर भेज दी।

दिल्ली जाने पर खुला राज

कुछ दिन पहले आरोपित मझौली राज निवासी रियाजुद्दीन, इरशाद और इम्तियाज को दिल्ली ले गया। तीनों को होटल में छोड़कर वह फरार हो गया। ठगी का पता चलने पर युवकों को गहरा सदमा लगा और वे घर लौट आए।

पीड़ितों का आरोप है कि रुपये और पासपोर्ट वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल करने के साथ धमकी भी देने लगा। पीड़ितों के मुताबिक, कोतवाली पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने शिकायत प्रकोष्ठ के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई।

एसपी के निर्देश पर सोमवार देर रात पुलिस ने आरोपित अली असगर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी में बिजली संविदाकर्मियों की बल्ले-बल्ले! 60 वर्ष की आयु तक कर सकेंगे नौकरी, 310 कर्मियों की वापसी तय

यह भी पढ़ें- विदेश में नौकरी का ऑफर ठुकराकर अपने गांव में 'बॉस' बनीं विधि, स्टार्टअप से खुद के साथ संवारी 40 महिलाओं की तकदीर