देवरिया में टूटे विद्युत तार की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
गौरीबाजार के पिपराधन्नी में गोशाला की सफाई करते समय टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से 25 वर्षीय ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
गोशाला में सफाई करते समय युवक बिजली की चपेट में आया।
25 वर्षीय कृष्णा निषाद की उपचार के दौरान मौत हुई।
परिवार में शोक का माहौल, दो भाई पुलिस में कार्यरत।
संवाद सूत्र, गौरीबाजार। ग्राम पंचायत पिपराधन्नी के भरथी टोला में सोमवार को गोशाला की सफाई करते समय बिजली के उतरे तार की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी ले गए, जहां से नाजुक हालत देखते हुए डाक्टरों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भरथी टोला निवासी कृष्णा निषाद (25) पुत्र राजनाथ निषाद अपने भाई राजन के साथ घर पर दुग्ध पालन का कार्य करता था। सोमवार को गोशाला में अधिक कीचड़ और नमी होने के कारण वह सफाई कर रहा था।
उसी दौरान वहां टूट कर गिरे पड़े विद्युत तार की चपेट में आ जाने से वह बुरी तरह झुलस कर अचेत हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्वजन उसे तत्काल सीएचसी गौरीबाजार ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के अथक प्रयास के बावजूद कृष्णा की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके दो बड़े भाई प्रदीप और हरेंद्र उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि कृष्णा घर पर गौ-पालन के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। होनहार बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
