UP Board Exam: देवरिया में परीक्षा केंद्रों से जुड़ी 126 शिकायतों पर तहसील समितियों की जांच तेज
देवरिया में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची पर मिली 126 आपत्तियों की जांच शुरू हो गई है।
-1793627904517_m.webp)
HighLights
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 केंद्रों पर 126 आपत्तियों की जांच शुरू।
तहसील स्तरीय समितियां कर रही हैं आपत्तियों की स्थलीय जांच।
जांच रिपोर्ट के बाद जिला स्तरीय समिति लेगी अंतिम निर्णय।
जागरण संवाददाता, देवरिया। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए जारी परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची पर आई आपत्तियों की जांच शुरू हो गई है। परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने, केंद्र निरस्त करने और पोर्टल पर गलत सूचना अपलोड करने से जुड़ी 126 आपत्तियों को तहसील स्तरीय समितियों के पास भेजा गया है। समितियां स्थलीय जांच कर अपनी रिपोर्ट जिला स्तरीय समिति को सौंपेंगी। इसके आधार पर परीक्षा केंद्रों को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा के लिए छात्र आवंटन सहित केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी की है। जिले में 1,15,767 परीक्षार्थियों के लिए 160 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें तीन राजकीय, 95 सहायता प्राप्त और 62 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल के 56,173 और इंटरमीडिएट के 59,594 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
प्रारंभिक सूची जारी होने के बाद परिषद ने विद्यालयों से आपत्तियां और प्रत्यावेदन मांगे थे। इसके तहत कुल 310 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक 184 आपत्तियां परीक्षा केंद्र दूर आवंटित होने पर उसे नजदीक कराने के संबंध में हैं। वहीं, 89 विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की है। 24 आपत्तियां केंद्रों पर क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन होने पर उसे कम कराने के लिए आई हैं। इसके अलावा 11 प्रत्यावेदन परीक्षा केंद्र निरस्त करने और दो पोर्टल पर गलत सूचना अपलोड होने से संबंधित हैं।
5 तहसीलों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
प्राप्त आपत्तियों में से 126 मामलों को जांच के लिए तहसील स्तरीय समितियों को भेजा गया है। इनमें देवरिया सदर तहसील को सर्वाधिक 52, सलेमपुर को 41, बरहज को 17, भाटपाररानी को 11 और रुद्रपुर तहसील को पांच मामले जांच के लिए मिले हैं।
समितियां संबंधित विद्यालयों के दावों और आपत्तियों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेंगी। इसके बाद जिला स्तरीय समिति के समक्ष रिपोर्ट रखी जाएगी। सह जिला विद्यालय निरीक्षक विजय कुमार राय ने बताया कि प्राप्त आपत्तियों की जांच शुरू हो गई है।
तहसील स्तरीय समितियों को 126 मामले भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसे जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।