देवरिया : बच्चों को छोड़कर लौट रही स्कूल बस में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
बच्चों को घर छोड़ने के बाद विद्यालय लौट रही एक स्कूल बस में शेखपुरा गांव के पास अचानक आग लग ...और पढ़ें

HighLights
बच्चों को छोड़ने के बाद बस में लगी आग।
चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई, कोई घायल नहीं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, बस पूरी जली।
संवाद सूत्र, पथरदेवा। बच्चों को घर छोड़कर विद्यालय लौट रही एक स्कूल बस में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल बस से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बस धू-धूकर पूरी तरह जल गई। घटना के समय बस में कोई छात्र सवार नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना शुक्रवार को क्षेत्र के शेखपुरा गांव के पास हुई।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के तुर्कपट्टी में संचालित एमजेएस एकेडमी की स्कूल बस छुट्टी के बाद छात्रों को बसडीला मैनुद्दीन छोड़ने गई थी। सभी छात्रों को उनके घर छोड़ने के बाद चालक बस लेकर विद्यालय लौट रहा था। इसी दौरान शेखपुरा गांव के पास मार्ग पर अचानक बस में आग लग गई।
पूरी तरह जली बस
आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत बस से बाहर निकलकर शोर मचाया। चालक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में छात्रों के दो गुटों में मारपीट ,बचाने गए किशोर के सिर में चोट लगने से हुई मौत
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। स्कूली बच्चों को छोड़ने के बाद वाहन विद्यालय लौट रहा था। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
